इटालियन लग्जरी ब्रांड 'बुल्गारी' के चेयरमैन पाओलो बुल्गारी का निधन, 89 वर्ष की आयु में ली अंतिम सांस
इटली के लग्जरी ब्रांड बुल्गारी के पूर्व चेयरमैन पाओलो बुल्गारी का 89 वर्ष की आयु में निधन हो गया है। उन्होंने बुल्गारी को वैश्विक पहचान दिलाई।
-1795370333918_m.webp)
इटालियन लग्जरी ब्रांड 'बुल्गारी' के चेयरमैन पाओलो बुल्गारी का निधन(फोटो: सोशल मीडिया)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
डिजिटल डेस्क, रोम। इटली के जाने-माने कारोबारी, ज्वेलरी डिजाइनर और लग्जरी ब्रांड बुल्गारी के लंबे समय तक चेयरमैन रहे पाओलो बुल्गारी का 89 वर्ष की आयु में निधन हो गया है।
कंपनी ने शनिवार को यह जानकारी दी। समाचार एजेंसी एएनआई के अनुसार, फिलहाल उनके निधन के कारणों का खुलासा नहीं किया गया है।
साल 1937 में रोम में जन्मे पाओलो बुल्गारी कंपनी के संस्थापक सोतिरियो बुल्गारी के पोते थे। वे 1984 से बुल्गारी ग्रुप के चेयरमैन के पद पर कार्यरत थे और उन्होंने इस लग्जरी ब्रांड को वैश्विक पहचान और सफलता दिलाने में अहम भूमिका निभाई।
उन्होंने साल 1960 में अपने पिता के साथ पारिवारिक व्यवसाय में कदम रखा था। फैशन हाउस के मुताबिक, उन्होंने बेशकीमती रत्नों की अपनी समझ को निखारा और उस कलात्मक शैली को विकसित किया, जो आगे चलकर बुल्गारी की खास पहचान बनी।
कंपनी और LVMH के प्रमुख ने दी श्रद्धांजलि
सोशल मीडिया पर उनके निधन की जानकारी देते हुए बुल्गारी के प्रवक्ता ने गहरा दुख जताया। कंपनी ने कहा कि पाओलो एक सच्चे रचनात्मक व्यक्तित्व थे, जिन्होंने अपने काम के साथ-साथ युवा डिजाइनरों की प्रतिभा को निखारने में अपना पूरा दिल लगा दिया। उनकी यह रचनात्मक प्रेरणा आने वाली पीढ़ियों को भी प्रेरित करती रहेगी।
वहीं, साल 2011 से बुल्गारी का स्वामित्व रखने वाली कंपनी एलवीएमएच के चेयरमैन और सीईओ बर्नार्ड अरनॉल्ट ने भी उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
डब्ल्यूडब्ल्यूडी की रिपोर्ट के अनुसार, अरनॉल्ट ने बुल्गारी परिवार और कर्मचारियों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि पाओलो ब्रांड की सफलता के प्रमुख सूत्रधार थे। उन्होंने हमेशा इटालियन भावना और रोमन विरासत को संजोए रखा।
सोमवार को होगा अंतिम संस्कार
बुल्गारी के आभूषण एलिजाबेथ टेलर, किम कार्दशियन और ऐनी हैथवे जैसी कई बड़ी अंतरराष्ट्रीय हस्तियों की पसंद रहे हैं।
लग्जरी ज्वेलरी की दुनिया में अपने योगदान के अलावा, पाओलो बुल्गारी शिक्षा को बढ़ावा देने और वंचित समुदायों की मदद करने के लिए भी सक्रिय रूप से काम करते थे। उनका अंतिम संस्कार सोमवार को रोम के 'बेसिलिका ऑफ सांता क्रोस इन गेरूसलेमे' में किया जाएगा।