विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

इटली में 6 हजार से ज्यादा स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी, ब्रिटेन और आयरलैंड तक पहुंची धमकी भरी ईमेल

Published: Wed, 11 Nov 2026 07:49 PM (IST)

यूरोप में सुरक्षा एजेंसियों के लिए चिंता बढ़ाते हुए इटली के 6,000 से अधिक स्कूलों को एक साथ बम से उड़ाने और 'नरसंहार' करने की धमकी भरे ईमेल मिले।

यूरोप के कई देशों में स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकियां (फाइल फोटो)

यूरोप के कई देशों में स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकियां (फाइल फोटो)

HighLights

  1. इटली के 6,000 से अधिक स्कूलों को मिली एक साथ बम से उड़ाने की धमकी।

  2. धमकी भरे ईमेल में इटली की पीएम जॉर्जिया मेलोनी की कार में भी बम होने का दावा किया गया।

  3. इटली के साथ ब्रिटेन, स्कॉटलैंड और आयरलैंड के स्कूलों को भी मिले एक जैसे धमकी भरे संदेश।

डिजिटल डेस्क, रोम। यूरोप के कई देशों में स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकियों ने सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है। इटली में बुधवार को 6,000 से अधिक स्कूलों को एक जैसी धमकी भरे ईमेल मिले। इनमें बड़े पैमाने पर 'इटालियंस के नरसंहार' की चेतावनी दी गई थी।

धमकी मिलने के बाद 300 से अधिक स्कूलों को खाली कराया गया। पुलिस ने स्कूल परिसरों की तलाशी ली और छात्रों व शिक्षकों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया।

धमकी भरे ईमेल में दावा किया गया था कि स्कूल की इमारत के अंदर रिमोट डिटोनेटर से लैस शक्तिशाली विस्फोटक रखा गया है। ईमेल भेजने वाले ने इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी की कार के इंजन में भी बम लगाए जाने का दावा किया। हालांकि, इन दावों की पुष्टि नहीं हुई है।

सरकारी सूत्र के मुताबिक, ईमेल भेजने वाले ने अपनी पहचान 'मिखाइल एंड्रोपोव, विलायत ऑफ मिसोजिनिस्तान का नेता' बताई थी। इटली के शिक्षा मंत्री ग्यूसेप वाल्डिटारा ने टीवी चैनल La7 से बातचीत में बताया कि कम से कम 300 स्कूलों को धमकी संबंधी अलर्ट मिले हैं। उन्होंने आशंका जताई कि यह संख्या और बढ़ सकती है।

कई इलाकों में स्कूल खाली कराए गए

धमकी का असर राजधानी रोम से लेकर उत्तरी क्षेत्र फ्रिउली और दक्षिणी क्षेत्र बेसिलिकाटा तक देखने को मिला। स्कूलों में अलर्ट जारी होने के बाद छात्रों और शिक्षकों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया। पुलिस ने विस्फोटकों की तलाश में स्कूल परिसरों की जांच की।

रोम के एक स्कूल ने अभिभावकों को सूचना दी कि सभी छात्रों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचा दिया गया है और शिक्षक उनकी निगरानी कर रहे हैं।

वहीं, राजधानी के एक हाईस्कूल में छात्र शुरुआत में निकासी के अलार्म को छुट्टी की घंटी समझ बैठे। उन्हें इमारत से बाहर निकलने के बाद बम की धमकी के बारे में जानकारी मिली।

18 वर्षीय छात्रा अनिता बार्टोची ने एसोसिएटेड प्रेस (AP) को बताया कि छात्रों को बताया गया कि रूसी हैकरों की ओर से ईमेल आया है, जिसमें सभी को मारने की धमकी दी गई है। यह संदेश काफी हिंसक था।

ब्रिटेन, स्कॉटलैंड और आयरलैंड में भी धमकी

धमकी भरे संदेश केवल इटली तक सीमित नहीं रहे। आयरलैंड, स्कॉटलैंड और उत्तरी आयरलैंड के सैकड़ों स्कूलों को भी इसी तरह के ईमेल मिले। हालांकि, इन देशों में स्कूलों को खाली कराने की नौबत नहीं आई।

उत्तरी आयरलैंड की पुलिस ने बताया कि सैकड़ों स्कूलों को ईमेल भेजे जाने के बाद मामले की तत्काल जांच की जा रही है। स्कॉटलैंड पुलिस ने इन संदेशों को फर्जी धमकी मानते हुए कहा कि स्कूलों को खाली कराने की सलाह नहीं दी गई है।

पुलिस के आकलन में फिलहाल ये संदेश विश्वसनीय खतरा नहीं हैं। आयरिश पुलिस ने भी कई शिक्षण संस्थानों को भेजे गए एक सामान्य धमकी भरे संदेश की जानकारी होने की पुष्टि की।

पहले भी 270 से अधिक स्कूलों को मिली थी धमकी

इटली में यह पहली घटना नहीं है। 2 नवंबर को भी 270 से अधिक स्कूलों को इसी तरह के धमकी भरे ईमेल मिले थे। इनमें रोम के कई शिक्षण संस्थान शामिल थे। उस समय भी स्कूल खाली कराए गए थे और सुरक्षा जांच की गई थी। हालांकि, बाद में सभी धमकियां झूठी साबित हुई थीं।

यूरोप में धमकियों का बढ़ता दायरा

'मिखाइल एंड्रोपोव' नाम का छद्म नाम हाल के दिनों में यूरोप के कई टीवी प्रसारण संस्थानों को भेजे गए धमकी भरे ईमेल में भी सामने आया है। रिपोर्टों के मुताबिक, इसी नाम से विमान उड़ानों को निशाना बनाने की धमकियों की जिम्मेदारी लेने का दावा भी किया गया है।

यूरोप में हाल के दिनों में विमानों को झूठी धमकियां मिलने और सुपरमार्केट के रेफ्रिजरेशन सिस्टम पर साइबर हमलों जैसी घटनाएं भी सामने आई हैं।

फ्रांस में कोल्ड स्टोरेज सुविधाओं पर हमलों के कारण ब्लड बैंकों की रक्त आपूर्ति व्यवस्था भी प्रभावित हुई थी। कर्मचारियों को खून के भंडार दूसरे सुरक्षित स्टोरेज केंद्रों में स्थानांतरित करने पड़े थे।

(न्यूज एजेंसी एपी के इनपुट के साथ)

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।