ऑस्ट्रेलिया में कुदरत की दोहरी मार, सूखे के बाद पूर्वी ऑस्ट्रेलिया में बाढ़ ने मुसीबतें बढ़ाई
उत्तर पूर्वी ऑस्ट्रेलिया में बाढ़ की वजह से हजारों लोग इस वजह से अपने घर को छोड़ने के लिए मजबूर हो गए हैं। आने वाले दिनों में स्थिती और गंभीर हो सकती है।
सिडनी, एएफपी। ऑस्ट्रेलिया इन दिनों कुदरत की दोहरी मार झेल रहा है। सूखे के बाद उत्तर पूर्वी ऑस्ट्रेलिया में बाढ़ ने लोगों की मुसीबतें बढ़ा दी हैं। बाढ़ की वजह से इस इलाके के सड़कों पर पानी भर गया है और हजारों लोग इस वजह से अपने घर को छोड़ने के लिए मजबूर हो गए हैं। अधिकारियों ने अगले कुछ दिनों में और बारिश का अनुमान जताया है। इसे सदी की सबसे भयानक बाढ़ बताया जा रहा है।
ऑस्ट्रेलिया के इस क्षेत्र में मानसून के दौरान भारी बारिश होती है, लेकिन हाल ही में हुई बारिश सामान्य स्तर से अधिक है। उत्तरपूर्वी क्वींसलैंड के टाउंसविले शहर में हजारों निवासी बिना बिजली के रह रहे हैं और अगर बारिश जारी रही तो 20,000 से अधिक मकानों के जलमग्न होने का खतरा है। सैन्य कर्मी प्रभावित लोगों की मदद के लिए मिट्टी से भरे हजारों थैले दे रहे हैं। क्वींसलैंड की प्रमुख ने शनिवार को पत्रकारों से कहा, 'यह मूल रूप से 20 साल में एक बार नहीं बल्कि 100 साल में एक बार होने वाली घटना है।'
मौसम विज्ञान ब्यूरो ने बताया कि उत्तरी क्वींसलैंड राज्य के ऊपर धीमी गति से आगे बढ़ रहा मानसून का कम दबाव का क्षेत्र बन गया है। इससे कुछ इलाकों में भारी बारिश होने की आशंका है जितनी एक साल में नहीं हुई। टाउंसविले के निवासी क्रिस ब्रूकहाउस ने कहा, 'मैंने पहले कभी ऐसा कुछ नहीं देखा।'
मौसम विभाग के अनुसार अगले 72 घंटे तक मौसम में बदलाव का कोई संभावना नहीं है। कुछ जगहों पर रिकॉर्ड तोड़ बारिश देखने को मिल सकती है और अगले हफ्ते गुरुवार से स्थिति में सुधार होने की उम्मीद है।