ओमान के पास टैंकर में ड्रोन हमले के बाद लगी आग, दो भारतीय नाविक लापता; सामने आया अटैक का वीडियो
ओमान के सोहर एंकरेज में 11 अक्टूबर को 'एमटी पेट्रो डॉल्फिन' टैंकर पर हुए ड्रोन हमले के बाद दो भारतीय नाविक लापता हो गए हैं।
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। ओमान के सोहर एंकरेज में 11 भारतीय क्रू सदस्यों वाले एक टैंकर पर ड्रोन हमले के बाद दो भारतीय नाविक लापता हैं। नौ क्रू सदस्यों को बचा लिया गया है और वे सुरक्षित हैं, जबकि खोज और बचाव अभियान जारी है। केंद्रीय बंदरगाह, जहाजरानी और जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने मामले की जानकारी दी।
सोनोवाल ने कहा कि टैंकर 'MT पेट्रो डॉल्फिन' पर 11 अक्टूबर को हमला हुआ था और भारतीय अधिकारी लापता नाविकों का पता लगाने के लिए स्थानीय एजेंसियों के साथ मिलकर काम कर रहे हैं।
एक्स पर मंत्री ने कहा, '11 अक्टूबर को सोहर एंकरेज पर 11 भारतीय नाविकों को ले जा रहे टैंकर एमटी पेट्रो डॉल्फिन पर ड्रोन से हमला हुआ। हमारे 9 भारतीय क्रू मेंबर को सुरक्षित बचा लिया गया है, लेकिन 2 भारतीय नागरिक अभी भी लापता हैं।'
घटना का वीडियो आया सामने
इस ड्रोन हमले का एक वीडियो सामने आया है जिसमें हमले के बाद टैंकर में से धुएं के गुबार उठते देखे जा रहे हैं। पास की नाव में बैठे नाविकों ने ये वीडियो बनाया है। वीडियो में टैंकर में से आग की तेज लपटे उठती दिख रही हैं। Marine Tanks ने सोशल साइट X पर वीडियो पोस्ट किया है और पूरे मामले की जानकारी दी है।
6 अक्टूबर को भी हुआ था हमला
अंतरराष्ट्रीय जलमार्गों और खास तौर पर ओमान के तटीय इलाकों में कमर्शियल जहाजों पर हमलों की यह कोई पहली घटना नहीं है।
इससे महज कुछ ही दिन पहले, 6 अक्टूबर को होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजर रहे पनामा के झंडे वाले जहाज 'MT ऑन पीस' पर भी एक हथियार से हमला किया गया था।
उस जहाज पर कुल 19 क्रू सदस्य सवार थे, जिनमें से 17 भारतीय नागरिक थे। इस हमले में 11 भारतीयों समेत कुल 12 क्रू सदस्य घायल हुए थे।
भारतीय दूतावास रख रहा नजर
केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर जानकारी साझा करते हुए लिखा हम बचाव कार्यों में पूरा सहयोग देने और अपने लापता कर्मियों का सुरक्षित पता लगाने के लिए हर संभव कदम सुनिश्चित करने के लिए सभी संबंधित अधिकारियों के साथ लगातार संपर्क में हैं।
अंतरराष्ट्रीय जलमार्गों में सुरक्षा को लेकर चिंता
विदेश मंत्रालय ने ओमान के तट के पास वाणिज्यिक जहाजों, नाविकों और आम नागरिकों के बुनियादी ढांचे को लगातार निशाना बनाए जाने पर कड़ी आपत्ति और गहरी चिंता जताई है।
भारत सरकार ने ऐसे हमलों को तुरंत रोकने की मांग की है और अंतरराष्ट्रीय जलमार्गों में जहाजों की निर्बाध आवाजाही और समुद्री व्यापार को जल्द से जल्द सुरक्षित और बहाल किया जाना बेहद जरूरी है।
यह भी पढ़ें- ओमान और मोरक्को की एयरलाइन में जॉब पाने में रहा नाकाम, फिर फ्लाईदुबई में कैसे मिली ओमानी को-पायलट को नौकरी?
