एनएसए डोभाल की वियतनाम में उच्चस्तरीय वार्ता, सुरक्षा सहयोग पर बनी सहमति
राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजित डोभाल ने वियतनाम में सार्वजनिक सुरक्षा मंत्री और उप प्रधानमंत्री से मुलाकात कर सुरक्षा सहयोग व द्विपक्षीय संबंध मजबूत करने पर सहमति जताई।

एनएसए डोभाल की वियतनाम में उच्चस्तरीय वार्ता।
HighLights
डोभाल ने वियतनाम में सुरक्षा सहयोग पर की चर्चा।
भारत-वियतनाम के बीच द्विपक्षीय संबंध मजबूत करने पर सहमति।
विदेश सचिव मिस्री यूएई और नेपाल दौरे पर।
डिजिटल डेस्क, हनोई। राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजित डोभाल ने सोमवार को वियतनाम के सार्वजनिक सुरक्षा मंत्री जनरल लुओंग ताम क्वांग के साथ प्रतिनिधिमंडल स्तर की बातचीत की। दोनों ने सुरक्षा क्षेत्र में जारी सहयोग और मौजूदा बहुआयामी संबंधों को मजबूत करने पर सहमति जताई। क्षेत्रीय और वैश्विक घटनाक्रमों पर भी विचारों का आदान-प्रदान किया गया।
हनोई स्थित भारतीय दूतावास ने कहा कि द्विपक्षीय सुरक्षा सहयोग भारत और वियतनाम की गहरी, परस्पर भरोसे पर आधारित सभ्यतागत साझेदारी को दर्शाता है।
इससे पहले डोभाल ने वियतनाम के उप प्रधानमंत्री और राष्ट्रीय रक्षा मंत्री जनरल फान वान जियांग से मुलाकात की। दोनों ने द्विपक्षीय रक्षा सहयोग की समीक्षा की और गतिविधियों को मजबूत करने पर सहमति जताई। डोभाल रविवार को आधिकारिक यात्रा पर वियतनाम पहुंचे थे। यह यात्रा भारत-वियतनाम उन्नत व्यापक रणनीतिक साझेदारी के अनुरूप है।
मिस्री यूएई दौरे पर, नेपाल भी जाएंगे
भारत और संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) ने ऊर्जा और व्यापार सहित अहम क्षेत्रों में द्विपक्षीय संबंधों की समीक्षा की और पश्चिम एशिया की स्थिति पर विचार साझा किए। यह चर्चा विदेश सचिव विक्रम मिस्री की दो दिवसीय यूएई यात्रा के दौरान हुई, जो सोमवार को संपन्न हुई। अबू धाबी में मिस्री ने अंतरराष्ट्रीय सहयोग राज्य मंत्री और भारत के लिए यूएई की विशेष दूत रीम अल हाशिमी से बातचीत की।
विदेश मंत्रालय के अनुसार, मिस्री बुधवार से काठमांडू की दो दिवसीय यात्रा करेंगे। इसका उद्देश्य अगले महीने की शुरुआत तक नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह की संभावित भारत यात्रा की तैयारियों के लिए आधार तैयार करना है। मंत्रालय ने कहा कि यात्रा में आपसी हित के द्विपक्षीय, क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर चर्चा होगी। इस मामले से परिचित लोगों ने भी कहा कि यात्रा का मकसद नेपाली प्रधानमंत्री की प्रस्तावित भारत यात्रा की तैयारियां करना है।
(समाचार एजेंसी पीटीआई के इनपुट के साथ)
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।