डायबिटीज पेशेंट्स के लिए खुशखबरी, अब स्मार्ट लेंस करेगा ब्लड शुगर की जांच
आज दुनिया का हर 11 वां व्यक्ति डायबिटीज से पीडि़त हैं। इस बीमारी से बचाव के लिए मरीज को समय-समय पर रक्त में शुगर की मात्रा की जांच करानी होती हैं।
सियोल, पीटीआइ। डायबिटीज से पीडि़तों के लिए अच्छी खबर है। अब उन्हें ब्लड शुगर की जांच के लिए सुई से शरीर का गुदवाना नहीं पड़ेगा। दक्षिण कोरिया के वैज्ञानिकों ने ब्लड शुगर की जांच के लिए एक स्मार्ट लेंस विकसित किया है। यह लेंस आंसू से ब्लड शुगर की मात्रा की जांच कर सकता है।
नए स्मार्ट लेंस में लचीले और पारदर्शी पदार्थ से बने इलेक्ट्रोड का उपयोग किया गया है। इसमें एक ग्लूकोज सेंसर, एलईडी पिक्सल के साथ वायरलेस एंटीना भी लगा है। सेंसर की मदद से मरीज के ब्लड शुगर के स्तर से जुड़ी जानकारी एंटीना तक पहुंचाती है और कुछ समय में ही टेस्ट पूरा हो जाता है।
अल्सान नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ साइंस एंड टेक्नोलॉजी के वैज्ञानिकों ने यह टेस्ट अभी खरगोश पर किया है। मनुष्य पर इसका परीक्षण किया जाना बाकी है। प्रयोग से जुड़े वैज्ञानिक जिहुन पार्क ने बताया, 'इस प्रयोग के सफल हो जाने पर इससे मनुष्य की आंख और अन्य शारीरिक अंगों के रोगों का भी पता लगाया जा सकेगा।'
उल्लेखनीय है कि आज दुनिया का हर 11 वां व्यक्ति डायबिटीज से पीडि़त हैं। इस बीमारी से बचाव के लिए मरीज को समय-समय पर रक्त में शुगर की मात्रा की जांच करानी होती हैं। इसके लिए व्यक्ति की अंगुली में सुई चुभोकर खून निकाला जाता है, जिससे उसे पीड़ा का अनुभव होता है।