विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

नॉर्वे के स्कूलों में खत्म हुआ हर छात्र को डिजिटल डिवाइस देने का नियम, अब टैबलेट की जगह कॉपी-पेंसिल से पढ़ेंगे बच्चे

Published: Thu, 26 Nov 2026 03:58 PM (IST)

नॉर्वे ने स्कूलों में डिजिटल डिवाइस के अनिवार्य उपयोग को खत्म कर दिया है, अब बच्चे कॉपी-पेंसिल से पारंपरिक तरीके से पढ़ाई करेंगे।

नॉर्वे के स्कूलों में डिजिटल डिवाइस का नियम खत्म (सांकेतिक तस्वीर)

नॉर्वे के स्कूलों में डिजिटल डिवाइस का नियम खत्म (सांकेतिक तस्वीर)

HighLights

  1. नॉर्वे ने स्कूलों में डिजिटल डिवाइस के अनिवार्य उपयोग को समाप्त किया।

  2. एक शिक्षक के प्रयोग ने पारंपरिक शिक्षा की वापसी का मार्ग प्रशस्त किया।

  3. बच्चों पर स्क्रीन के नकारात्मक प्रभावों पर देशव्यापी बहस के बाद यह निर्णय।

डिजिटल डेस्क, ओस्लो। डिजिटल शिक्षा को सबसे आगे रखने वाला देश नॉर्वे अब अपने ही फैसले पर दोबारा विचार कर रहा है। तीन साल पहले जिस शिक्षक को क्लास में आईपैड की जगह पेंसिल और किताबों से पढ़ाने के लिए फटकार लगी थी, आज पूरा देश उसी के रास्ते पर चल पड़ा है।

यह कहानी साल 2023 में नॉर्वे की राजधानी ओस्लो के ट्रोस्टेरुड स्कूल से शुरू हुई थी। वहां तीसरी कक्षा को पढ़ाने वाले शिक्षक पाल लुडविग फिनस्टैंड ने महसूस किया कि उनके छात्र आईपैड पर तो काम कर रहे हैं, लेकिन उनकी पढ़ने और लिखने की क्षमता कमजोर हो रही है।

करीब दो दशकों से नॉर्वे के स्कूलों में कंप्यूटर और टैबलेट को बढ़ावा दिया जा रहा था, जो कोरोना महामारी के बाद और बढ़ गया। 2023 में नियम बना कि ओस्लो के हर प्राइमरी छात्र को एक डिजिटल डिवाइस दिया जाए।

क्लास में कर दिए थे आईपैड बंद

फिनस्टैंड ने इस व्यवस्था के खिलाफ जाकर अपनी क्लास में आईपैड बंद कर दिए और बच्चों को फिर से कॉपी, पेंसिल और किताबों से पढ़ाना शुरू किया। उनका मानना था कि बच्चों की बुनियादी समझ के लिए पारंपरिक तरीका ही सबसे बेहतर है। हालांकि, उनके इस फैसले से स्कूल में विवाद खड़ा हो गया और प्रिंसिपल ने उन्हें लिखित चेतावनी दे दी।

इसके बावजूद फिनस्टैंड पीछे नहीं हटे। जल्द ही उनके इस प्रयोग के सकारात्मक नतीजे सामने आए और उनकी क्लास ने स्कूल की रीडिंग प्रतियोगिता जीत ली। बच्चों में सुधार देखकर 17 अभिभावकों ने भी शिक्षक के समर्थन में पत्र लिखा। स्कूल प्रशासन से विवाद बढ़ने पर उनका तबादला दूसरे स्कूल में कर दिया गया, लेकिन मामला नॉर्वेजियन शिक्षक नैतिक परिषद तक पहुंचा।

परिषद ने फिनस्टैंड के फैसले को सही ठहराते हुए कहा कि उन्होंने बच्चों के हित में काम किया है।

स्क्रीन के मुकाबले कागत पर समझना बेहतर

इस घटना के बाद पूरे देश में बच्चों की पढ़ाई पर स्क्रीन के बुरे असर को लेकर बहस तेज हो गई। नॉर्वेजियन आयोग की एक रिपोर्ट में भी यह बात सामने आई कि बच्चे लंबे लेखों को स्क्रीन के मुकाबले कागज पर बेहतर समझते हैं।

आखिरकार, 10 नवंबर 2026 को ओस्लो प्रशासन ने बड़ा कदम उठाते हुए पहली से सातवीं कक्षा तक हर बच्चे को अलग डिजिटल डिवाइस देने का नियम खत्म कर दिया। अब स्कूल खुद तय करेंगे कि किस विषय में स्क्रीन की जरूरत है।

इतना ही नहीं, तकनीक को बढ़ावा देने वाला नॉर्वे अब बच्चों में इसका इस्तेमाल कम करने की योजना बना रहा है। सरकार जल्द ही 16 साल से कम उम्र के बच्चों के लिए सोशल मीडिया पर बैन लगाने का बिल भी लाने की तैयारी में है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।