विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पिता से लड़ी लंबी कानूनी लड़ाई... स्पेन की नोएलिया कास्टिलो ने क्यों चुनी इच्छामृत्यु?

Published: Fri, 27 Mar 2026 09:16 PM (IST)

स्पेन की नोएलिया कास्टिलो ने लंबी कानूनी लड़ाई के बाद इच्छामृत्यु चुनी। चार साल पहले गैंगरेप के बाद वह गंभीर ट्रॉमा और शारीरिक दर्द से जूझ रही थीं, जिससे वह लकवाग्रस्त हो गईं। 

नोएलिया कास्टिलो ने कानूनी लड़ाई के बाद इच्छामृत्यु का मार्ग चुना

नोएलिया कास्टिलो ने कानूनी लड़ाई के बाद इच्छामृत्यु का मार्ग चुना

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। स्पेन की 25 साल की नोएलिया कास्टिलो ने लंबी कानूनी लड़ाई के लड़ने के बाद गुरुवार को इच्छामृत्यु के जरिए अपनी जिंदगी खत्म कर ली। चार साल पहले 2022 में एक फॉस्टर केयर सेंटर में तीन युवकों द्वारा गैंग रेप का शिकार होने के बाद कास्टिलो की जिंदगी नरक बन गई थी।

ट्रॉमा से त्रस्त नोएलिया ने आत्महत्या की भी कोशिश की और पांचवीं मंजिल से छलांग लगा दी। लेकिन वह बच गई, उस दौरान उनकी रीढ़ की हड्डी में बुरी तरह चोट लग गई। कमर के नीचे पूरी तरह लकवाग्रस्त होकर वह पिछले तीन-चार साल से व्हीलचेयर पर जिंदगी बिता रहीं थीं। इस दौरान लगातार शारीरिक दर्द और मानसिक यातना नोएलिया को सता रही थी।

नोएलिया ने क्यों चुनी इच्छामृत्यु?

आखिरकार स्पेन के ईयूथेनेशिया कानून के तहत नोएलिया ने अपना दर्द खत्म करने का फैसला किया। कैटेलोनिया सरकार ने उसकी अर्जी मंजूर भी कर ली। लेकिन उसके पिता ने आखिरी समय में कोर्ट में चुनौती दे दी। उन्होंने दावा किया कि नोएलिया मानसिक रूप से ठीक नहीं है और उसने यह फैसला दबाव में आकर लिया है।

एक अल्ट्रा-कंजर्वेटिव संगठन 'क्रिश्चियन लॉयर्स' के साथ मिलकर पिता ने डेढ़ साल तक कानूनी लड़ाई लड़ी। मामला यूरोपीय मानवाधिकार अदालत तक पहुंचा, जहां नोएलिया के पक्ष में फैसला आया। अदालत ने उसके फैसले के अधिकार को मान्यता दी। नोएलिया ने टीवी इंटरव्यू में कहा था, 'यह मेरा अपना फैसला है।' उसने अकेले ही इच्छामृत्यु का फैसला लिया है।

कैसे मिली मौत?

इस प्रक्रिया में नोएलिया को तीन इंजेक्शन दिए गए। पहले दो से गहरी बेहोशी आई और तीसरे ने दिल की धड़कन रोक दी। स्पेन के स्वास्थ्य मंत्रालय के ताजा आंकड़ों के अनुसार, जून 2021 (जब यह कानून लागू हुआ) से लेकर 2024 के अंत तक 1,123 लोगों ने इच्छामृत्यु ली।

स्पेन में कैसे मिलती है इच्छामृत्यु?

स्पेन में इच्छामृत्यु का अधिकार केवल उन वयस्क लोगों को दिया जाता है, जो 'गंभीर और लाइलाज बीमारी' या 'गंभीर, पुरानी और अक्षम करने वाली स्थिति’ से जूझ रहे हों। इसके साथ यह भी जरूरी है कि आवेदन करते समय व्यक्ति ‘सचेत और सक्षम’ हो, यानी वह खुद फैसला लेने की स्थिति में हो।

 

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।