UNHCR कार्यालय के बाहर अफगान नागरिकों का प्रदर्शन खत्म, सुलझ गई समस्या : पुलिस
अफगानिस्तान की सत्ता पर तालिबान के काबिज होते ही भारत में रह रहे अफगानी नागरिकों के बीच भी दहशत है। ये अफगानिस्तान के वे नागरिक जो कई साल पहले अपना देश छोड़ भारत में आकर बस गए हैं। ये सभी और अधिक डरे सहमे हुए हैं।
नई दिल्ली [जासं]। भारत में शरणार्थी के दर्जे की मांग करते हुए विदेशी नागरिक कई दिनों से संयुक्त राष्ट्र शरणार्थी उच्चायुक्त (UNHCR) कार्यालय के बाहर विरोध प्रदर्शन कर रहे थे जो अब रुक गया है। इसकी जानकारी दिल्ली पुलिस की ओर से हाई कोर्ट को दी गई। मंगलवार को पुलिस नेे कोर्ट को बताया कि अब अफगान नागरिक विरोध प्रदर्शन नहीं कर रहे हैं। दिल्ली सरकार और पुलिस के पक्ष से एडवोकेट सत्यकाम ने कोर्ट को बताया की समस्या को हल कर लिया गया है।
शरणार्थी दर्जे की कर रहे थे मांग
पिछले दिनों अफगान नागरिकों ने शरणार्थी का दर्जा मांगते हुए UNHCR कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया था। इसे लेकर वसंत विहार वेलफेयर एसोसिएशन ने याचिका दायर कर आवासीय क्षेत्रों के पास से प्रदर्शनकारियों को हटाने का अनुरोध किया था। इस पर दिल्ली पुलिस से हाई कोर्ट ने स्थिति रिपोर्ट मांगी थी। उस निर्देश का पालन करते हुए दिल्ली पुलिस ने स्थिति रिपोर्ट दाखिल की है। परिस्थितियों में बदलाव के मद्देनजर पीठ ने शरण चाहने वाले विदेशी नागरिकों को लेकर नीति निर्माण के संबंध में आदेश पारित करने से इनकार कर दिया है।
भारत में रहने वाले अफगान नागरिकों के बीच भी तालिबान का खौफ
अफगानिस्तान की सत्ता पर तालिबान के काबिज होते ही भारत में रह रहे अफगानी नागरिकों के बीच भी दहशत है। ये अफगानिस्तान के वे नागरिक जो कई साल पहले अपना देश छोड़ भारत में आकर बस गए हैं। ये सभी और अधिक डरे सहमे हुए हैं। इन्हें अपने भविष्य को लेकर चिंता है। अफगानिस्तान वापसी से इनकार करते हुए बेहतर जिंदगी के लिए 10 दिनों से अधिक समय तक ये सभी अफगानी शरणार्थी राजधानी दिल्ली के वसंत विहार स्थित UNHCR कार्यालय के बाहर धरने पर बैठे रहे। धरने पर बैठे लोगों में पुरुष, महिलाएं, बुजुर्ग समेत छोटे-छोटे बच्चे भी शामिल थे। ये लोग शरणार्थी दर्जे की मांग को लेकर पैन कार्ड हाथ में लेकर लगातार नारे लगा रहे थे।