इजरायल में फिर टलेगा दोबारा चुनाव? नेतन्याहू ने दोहराई राष्ट्रीय सरकार की मांग
इजरायल में चुनाव परिणाम के बाद भी प्रधानमंत्री नेतन्याहू राष्ट्रीय सरकार बनाने की उम्मीद नहीं छोड़ रहे हैं, लेकिन गठबंधन ...और पढ़ें

नेतन्याहू का अरब दलों के बगैर सरकार बनाने का आह्वान
HighLights
नेतन्याहू राष्ट्रीय सरकार बनाने की उम्मीद में, सहयोगियों की तलाश जारी।
अरब पार्टियों को आतंकवाद समर्थक बताकर गठबंधन से किया इनकार।
मध्यमार्गी दल वैकल्पिक सरकार गठन पर कर रहे हैं विचार।
डिजिटल डेस्क, यरुशलम। इजरायल में चुनाव परिणाम घोषित होने के हफ्ते भर बाद भी प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने मिली-जुली राष्ट्रीय सरकार के गठन की उम्मीद नहीं छोड़ी है।
इस चुनाव में अधिसंख्य वोट उनके गठबंधन के खिलाफ पड़े, हालांकि दलीय आधार पर नेतन्याहू की लिकुड पार्टी को ही सर्वाधिक 27 सीटें मिली हैं लेकिन 53 सीटों पर जीते उनके गठबंधन के साथ आने के लिए फिलहाल कोई तैयार नहीं है।
वैसे दोबारा चुनाव से बचने और वैकल्पिक सरकार के गठन पर विचार करने के लिए मध्यमार्गी गठबंधन के नेताओं की मंगलवार को बैठक हुई लेकिन सत्ता तक पहुंचने के लिए कोई स्पष्ट रास्ता नहीं बना।
नेतन्याहू ने अरब पार्टियों ज्वाइंट लिस्ट और राएम को छोड़कर सभी दलों के साथ समझौते के लिए तैयार होने की बात कही है। उन्होंने कहा, दोनों अरब पार्टियां आतंकवाद का समर्थन करती हैं और वे यहूदी राष्ट्र के अस्तित्व को नकारती हैं। इसलिए इन दलों के साथ लिकुड पार्टी किसी तरह का समझौता नहीं करेगी और उनके साथ मिलकर सरकार भी नहीं बनाएगी।
नेतन्याहू ने कहा, चुनाव में जीती उनकी लिकुड पार्टी सबसे बड़ा दल है, उसे यहूदी जनता ने अगली सरकार बनाने के लिए जनादेश दिया है। इसीलिए वह चुनाव परिणाम आने के बाद पहले ही दिन से देश में राष्ट्रीय सरकार के गठन का आह्वान कर रहे हैं। जो दल आतंकवाद का समर्थन नहीं करते हों वे हमें सरकार बनाने में सहयोग दें और उसमें शामिल हों।
नेतन्याहू का यह बयान वैकल्पिक सरकार बनाने की मध्यमार्गी दलों की कोशिशों के बीच आया है। मध्यमार्गी गठबंधन में शामिल इजरायल बेतेनु के नेता एविग्डोर लिबरमैन ने नेतन्याहू के नेतृत्व वाले किसी भी गठबंधन के साथ खड़े होने से साफ इन्कार किया है। लिबरमैन की पार्टी ने चुनाव में सात सीटें जीती हैं।
इस बीच गादी आइसेनकोट के नेतृत्व वाले मध्यमार्गी गठबंधन के नेताओं ने मंगलवार को बैठक कर स्पीकर के चुनाव और वैकल्पिक सरकार के गठन पर चर्चा की। इस बैठक में आइसेनकोट के साथ पूर्व प्रधानमंत्री याइर लैपिड और नाफ्ताली बेनेट, लिबरमैन और याइर गोलान शामिल हुए।
सोर्स- न्यूज एजेंसी एएनआइ के इनपुट के अनुसार
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।