'ईरान ने अभी भी नहीं सीखा सबक', दीक्षांत समारोह में गरजे नेतन्याहू; मोसाद और सेना को दिए सख्त निर्देश
इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने कहा है कि ईरान अभी भी परमाणु हथियार विकसित कर रहा है और इसे रोकने के लिए शासन को उखाड़ फेंकना ही एकमात्र रास्ता है।

ईरान ने अभी भी नहीं सीखा सबक: नेतन्याहू
HighLights
नेतन्याहू ने ईरान के परमाणु हथियार विकास पर गंभीर चिंता व्यक्त की।
इजरायली पीएम ने ईरानी शासन को उखाड़ फेंकने के निर्देश दिए।
वेस्ट बैंक में अमेरिकी उम्मीदवार हिरासत में, गाजा में हमास ऑपरेटिव ढेर।
डिजिटल डेस्क, तेल अवीव। इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने कहा है कि ईरान ने अभी तक सबक नहीं सीखा है। वह अभी भी परमाणु हथियार विकसित करने की दिशा में सक्रिय रूप से काम कर रहा है। नेतन्याहू ने दक्षिणी इजरायल में इजरायली डिफेंस फोर्सेस (आइडीएफ) के कैडेटों के दीक्षा समारोह को संबोधित किया।
उन्होंने कहा, 'ईरानी शासन ने अब तक सबक नहीं सीखा है। मोजतबा खामेनेई ने अपने पिता (दिवंगत आयतुल्ला अली खामेनेई) के नक्शेकदम पर चलने का फैसला किया है। ईरान फिर विनाशकारी हथियार विकसित करने का प्रयास कर रहा है।'
उन्होंने कहा, 'इसलिए इस खतरे को हमेशा के लिए खत्म करने का सिर्फ एक ही रास्ता है- ईरान के शासन को उखाड़ फेंकना। यही मेरा आइडीएफ, मोसाद और सुरक्षा एजेंसियों को निर्देश है।'
वेस्ट बैंक में डेमोक्रेटिक उम्मीदवार हिरासत में, रिहा
न्यूज एजेंसी रॉयटर के अनुसार, इजरायल की सेना ने बुधवार को कब्जे वाले वेस्ट बैंक में अमेरिका के संसदीय चुनाव में डेमोक्रेटिक उम्मीदवार ब्रैड लैंडर को हिरासत में ले लिया। हालांकि बाद में उन्हें रिहा कर दिया गया।
अधिकार समूहों ने बताया कि वह और कई अन्य अमेरिकी, इजरायली व फलस्तीनी जैतून की फसल की कटाई में हिस्सा ले रहे थे, तब उन्हें हिरासत में लिया गया। यहूदी-अमेरिकी लैंडर ने एक्स पर एक पोस्ट में हिरासत में लिए जाने की जानकारी दी थी।
इजरायल ने हमास आपरेटिव को मार गिराया
न्यूज एजेंसी एएनआइ के अनुसार, इजरायल की सेना ने बुधवार को बताया कि उसने गाजा सिटी में हमास की नुखबा इकाई के आपरेटिव मूसा अब्द मोहम्मद हमूदा को मार गिराया है। वह 2025 में हुए उस हमले में शामिल था, जिसमें 52वीं बटालियन के टैंक चालक दल के चार इजरायली सैनिकों की मौत हुई थी।
आइडीएफ ने एक्स पर एक पोस्ट में बताया कि हमूदा हमास के सैन्य विंग का सदस्य था। उसने इजरायली नागरिकों और आइडीएफ सैनिकों के खिलाफ हमले किए और हमास की सैन्य क्षमताओं को बहाल करने के लिए काम किया। यह युद्धविराम का उल्लंघन है।
