नवविवाहित भारतीय जोड़ों को रिझाएगा नेपाल, पर्यटन को बढ़ाने के लिए शुरू किया खास अभियान
नेपाल भूकंप की त्रासदी से धीरे-धीरे बाहर आ रहा है देश के पर्यटन के विकास के लिए इस अभियान की शुरुआत की गई है।
काठमांडू, प्रेट्र। हिमालय की गोद में बसा नेपाल वैसे तो पर्वत और रोमांच प्रेमियों के लिए हमेशा से पसंदीदा जगह रहा है, लेकिन अब वह अपने पर्यटन के क्षेत्र में विविधता लाना चाहता है। इस क्रम में वह कला महोत्सव आदि का आयोजन कर अभियान चलाएगा तथा नवविवाहित भारतीय जोड़ों को भी आकर्षित करने का प्रयास करेगा।
'विजिट नेपाल ईयर 2020' अभियान की शुरुआत
पर्यटन और रोजगार को बढ़ावा देने तथा अवधारणा को बदलने के लिए नेपाली सरकार ने इसी साल जनवरी में 'विजिट नेपाल ईयर 2020 (VNY-2020)' अभियान की शुरुआत की है। यह पांच साल पहले भूकंप के कारण खस्ताहाल हुए नेपाल को मजबूती देने का प्रयास है।
भूकंप त्रासदी से बाहर आ रहा है नेपाल
वीएनवाई-2020 के अनुसार, 'अब जबकि नेपाल भूकंप की त्रासदी से धीरे-धीरे बाहर आ रहा है, देश के पर्यटन के विकास के लिए इस अभियान की शुरुआत की गई है।' सरकार इस अभियान का देश और विदेश में व्यापक प्रचार-प्रसार कर रही है।
उल्लेखनीय है कि नेपाल में सड़क मार्ग से वर्ष 2019 में 11.7 लाख पर्यटन आए। इनमें भारतीय (2,09,611) सबसे ज्यादा रहे। वर्ष 2018 में नेपाल में 15.2 लाख पर्यटक आए थे।