नेपाल ने एवरेस्ट से साफ किया 11 टन कचरा, सफाई के दौरान चार पर्वतारोहियों के शव भी मिले
माउंट एवरेस्ट की सफाई के दौरान 11 टन कचरा साफ किया गया। हाल के वर्षो में सबसे ज्यादा कचरा इस बार रहा। सफाई के दौरान चार पर्वतारोहियों के शव भी मिले।
काठमांडू, आइएएनएस। नेपाल सरकार ने सोमवार को माउंट एवरेस्ट के सफाई अभियान का समापन कर दिया। नेपाल सरकार ने बताया कि इस दौरान करीब 11 टन कचरा इकट्ठा किया गया, जो हाल के वर्षो में सबसे ज्यादा रहा। इस दौराान चार पर्वतारोहियों के शव भी मिले हैंं।
एडमंड हिलेरी और तेनजिंग नॉर्गे शेरपा ने 66 साल पहले एवरेस्ट पर चढ़ाई की थी। इसके बाद यह पहला मौका रहा जब इस प्रकार का सफाई अभियान चलाया गया। इसकी शुरुआत मध्य अप्रैल में की गई थी। इस टीम में अधिक ऊंचाई पर चढ़ने में दक्ष 12 शेरपा शामिल थे, जिन्होंने एक महीने से भी ज्यादा समय तक एवरेस्ट पर कचरा इकट्ठा किया।
नेपाल पर्यटन विभाग के महानिदेशक डीआर घिमिरे ने एक नेपाली समाचार पत्र को बताया, 'कचरा एकत्र करने के दौरान चार शव भी मिले। ये शव ऊंचाई वाले कैंप में पाए गए। उन्हें पिछले सप्ताह काठमांडू लाया गया। सफाई अभियान पर 2.3 करोड़ रुपये का खर्च आया।' उन्होंने बताया कि हिमालय के उत्तरी क्षेत्र में चीन ने भी इस तरह का सफाई अभियान चलाया था।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप