विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 09, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

KP Sharma Oli का नंबर 4 से क्या है कनेक्शन, PM से इस्तीफे तक कैसा रहा सफर? पढ़ें केपी ओली की पूरी कहानी

Published: Tue, 09 Sep 2025 04:56 PM (GMT+05:30)

नेपाल में सोशल मीडिया बैन के खिलाफ युवाओं ने Gen Z आंदोलन किया जिसमें नेताओं के घरों को जलाया गया। ...और पढ़ें

आंदोलन के बाद पीएम ओली का इस्तीफा (फाइल फोटो)
आंदोलन के बाद पीएम ओली का इस्तीफा (फाइल फोटो)

HighLights

  1. पूर्वी नेपाल के एक गरीब परिवार में ओली का हुआ था जन्म
  2. ओली जब 4 साल के थे तब उनकी मां का हो गया था निधन

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। नेपाल में युवाओं ने सरकार द्वारा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स बैन करने पर उग्र प्रदर्शन किया। इस आंदोलन को Gen Z आंदोलन नाम दिया गया है। प्रदर्शनकारियों ने कई नेताओं के घर भी फूंक डाले, इसमें नेपाल के प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली का घर भी शामिल हैं।

सरकार पर बढ़ते दबाव के बीच केपी शर्मा ओली ने प्रधानमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया। उनका पूरा नाम खड्ग प्रसाद शर्मा ओली है। नेपाल में ओली की गिनती एक बड़े नेता का रूप में होती है। उनका जन्म 23 फरवरी 1952 को पूर्वी नेपाल के तेहराथुम जिले में एक गरीब परिवार में हुआ था।

नेपाल के 45वें प्रधानमंत्री ओली

केपी शर्मा की मां का निधन तब हुआ था, जब वो सिर्फ 4 साल के थे और फिर उनकी दादी ने उनका पालन-पोषण किया। आज वो कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ नेपाल (UML) के चेयरमैन हैं और 15 जुलाई 2024 से नेपाल के 45वें प्रधानमंत्री के तौर पर चौथी बार कुर्सी संभाल रहे थे।

इससे पहले वो 2015-2016, 2018-2021 और 2021 में कुछ महीनों के लिए PM रह चुके हैं। नेपाल में जारी हिंसा के बीच ओली के देश छोड़कर दुबई जाने की खबरें सामने आ रही हैं। इसके अलावा उनकी सरकार में शामिल कई मंत्रियों के भी इस्तीफा देने की बात सामने आ रही है।

14 साल की उम्र से शुरू हुआ सियासी सफर

ओली का सियासी सफर 14 साल की उम्र से शुरू हुआ था जब वह 1966 में राजशाही और पंचायत व्यवस्था के खिलाफ आंदोलन में कूद पड़े। 1970 में वह नेपाल कम्युनिस्ट पार्टी (CPN) में शामिल हुए लेकिन जल्द ही झापा आंदोलन (1970-73) में हिस्सा लेने के लिए गिरफ्तार हो गए।

इस आंदोलन का मकसद सामाजिक अन्याय के खिलाफ लड़ना था। इसके बाद 1973 से 1987 तक वह 14 साल जेल में रहे, जिसमें 4 साल सॉलिटरी कॉन्फिनमेंट में गुजरे। जेल से निकलने के बाद वो CPN(ML) में सेंट्रल कमेटी मेंबर बने और 1990 तक लुंबिनी जोन इंचार्ज रहे।

ओली का राजनीतिक सफर

  • 1991 में नेपाल में मल्टी-पार्टी सिस्टम शुरू होने के बाद ओली झापा-6 से संसद पहुंचे।
  • 1994-95 में वह गृह मंत्री बने और 2006-07 में उप-प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री की जिम्मेदारी संभाली।
  • 2014 में ओली CPN-UML के चेयरमैन बने और 2015 में पहली बार प्रधानमंत्री बने।

कैसे हासिल की PM की कुर्सी

ओली को एक तेज-तर्रात और स्मार्ट लीडर माना जाता है। वह अपने विरोधियों पर तीखे तंज कसते हैं और सियासी गठजोड़ में माहिर हैं। 2022 के चुनाव में उनकी पार्टी दूसरे नंबर की पार्टी बनी, लेकिन ओली ने चतुराई से गठबंधन बनाकर सत्ता हासिल की।

पहले उन्होंने पुष्प कमल दहाल (प्रचंड) को प्रधानमंत्री बनवाया, लेकिन बाद में प्रचंड की पार्टी ने नेपाली कांग्रेस का साथ दिया, जिससे गठबंधन टूट गया। फिर ओली ने नेपाली कांग्रेस के समर्थन से 15 जुलाई 2024 को चौथी बार प्रधानमंत्री की कुर्सी हासिल की।

Nepal Protest: नेपाल में Gen Z आंदोलन का भारतीय विमानों पर पड़ा असर, हवा में मंडराती रही Indigo की दो फ्लाइट