नेपाल बाढ़ त्रासदी: 2294 स्थानीय लोग और 171 विदेशी अब भी लापता, आधिकारिक लिस्ट जारी
ताजा सूची के अनुसार, देश के 32 जिलों से कुल 2,294 नेपाली नागरिक और सात देशों के 171 विदेशी नागरिक ...और पढ़ें

नेपाल ने विनाशकारी बाढ़ में लापता 2,294 नागरिकों, 171 विदेशियों की सूची जारी की (फोटो- रॉयटर)
HighLights
यूक्रेन से 54, ऑस्ट्रेलिया से 33, रूस से 11, दक्षिण कोरिया से नौ और जर्मनी से आठ लोग लापता
नेपाल-तिब्बत सीमा के पास शुरू हुई इस बाढ़ ने उत्तर और मध्य नेपाल में भारी तबाही मचाई थी
पीटीआई, काठमांडू। नेपाल के नेशनल डिजास्टर रिस्क रिडक्शन एंड मैनेजमेंट अथारिटी (एनडीआरआरएमए) ने 26 अगस्त को भोटेकोशी-त्रिशुली में आए विनाशकारी बाढ़ के बाद लापता हुए लोगों के आंकड़े जारी कर दिए हैं।
इस आपदा में कम से कम 1,455 लोगों की जान गई थी और 5,285 लोग लापता हो गए थे। सरकार द्वारा 40 दिन का बचाव अभियान समाप्त करने के एक महीने बाद यह सूची सामने आई है।
ताजा सूची के अनुसार, देश के 32 जिलों से कुल 2,294 नेपाली नागरिक और सात देशों के 171 विदेशी नागरिक लापता हैं। इसमें अकेले रसुवा जिले से सबसे अधिक 1,538 नेपाली नागरिकों के लापता होने की पुष्टि हुई है।
विदेशी नागरिकों में मलेशिया और यूक्रेन से 54, ऑस्ट्रेलिया से 33, रूस से 11, दक्षिण कोरिया से नौ, जर्मनी से आठ और इटली से दो लोग शामिल हैं। हालांकि, भारतीय दूतावास से अधिकृत सूची प्राप्त न होने के कारण इसमें भारतीय नागरिकों के आंकड़े शामिल नहीं हैं।
एनडीआरआरएमए ने अपील की है कि यदि सूची में शामिल कोई भी व्यक्ति जीवित या सुरक्षित मिलता है, तो वह या उनके स्वजन सात दिनों के भीतर दावा प्रस्तुत करें।
यह सूची स्थानीय निकायों की सिफारिश और जिला समितियों की मंजूरी के बाद तैयार की गई है। नेपाल-तिब्बत सीमा के पास शुरू हुई इस बाढ़ ने उत्तर और मध्य नेपाल में भारी तबाही मचाई थी, जिसके बाद अब सरकार राहत और पुनर्निर्माण कार्यों पर ध्यान केंद्रित कर रही है।