Guinness World Record: नेपाल में 17 हजार फीट की ऊंचाई पर हुआ फैशन शो, बना गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड
नेपाल ने 17515 फीट ऊंचाई वाले फैशन शो कार्यक्रम का आयोजन कर नया गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया है
काठमांडू, पीटीआइ। नेपाल ने अब तक के सबसे अधिक ऊंचाई वाले फैशन शो कार्यक्रम का आयोजन कर नया गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया है। जलवायु परिवर्तन के बारे में लगों को जागरुक करने के लिए इसका आयोजन किया गया।
17,515 फीट की ऊंचाई पर फैशन शो
नेपाल पर्यटन बोर्ड के समर्थन में आरबी डायमंड्स और कासा स्टाइल द्वारा आयोजित माउंट एवरेस्ट फैशन रनवे का आयोजन 26 जनवरी को किया गया था। यह आयोजन एवरेस्ट बेस कैंप के पास काला पत्थर में 5340 मीटर (17,515 फीट) की ऊंचाई पर आयोजित किया गया था।
विजिट नेपाल इयर 2020 अभियान का हिस्सा
दरअसल, यह आयोजन नेपाल टूरिज्म बोर्ड के विजिट नेपाल इयर 2020 (Visit Nepal Year 2020) अभियान का हिस्सा था। शो में फिनलैंड, इटली, श्रीलंका और सिंगापुर सहित दुनिया के विभिन्न हिस्सों के मॉडलों ने भाग लिया।
जलवायु परिवर्तन को लेकर जागरुक करना
बुधवार को नेपाल पर्यटन बोर्ड द्वारा जारी एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया कि इस तरह के फैशन पर्व के पीछे का मुख्य उद्देश्य जलवायु परिवर्तन के बारे में लगों को अंदर जागरूकता बढ़ाना है। फैशन शो के दौरान उपयोग की जाने वाली सभी सामग्री प्राकृतिक, जैविक थी। कपड़ों को बनाने के लिए नेपाली पश्मीना, फेल्ट और याक ऊन का इस्तेमाल किया गया था। जो सर्दियों के पहनने के लिए आदर्श है।
कई बड़े अधिकारी रहे मौजूद
इस शो में नेपाल के संस्कृति, पर्यटन और नागरिक उड्डयन मंत्रालय के सचिव केदार बहादुर समेत नेपाल पर्यटन बोर्ड के वरिष्ठ निदेशक नंदिनी लहे थापा ने भी भाग लिया।