नाउरू की संसद में अब कोई विपक्ष नहीं, सभी सांसद राष्ट्रपति एडियांग की सरकार में शामिल
प्रशांत महासागर के छोटे देश नाउरू में सभी विपक्षी सांसद राष्ट्रपति डेविड एडियांग की सरकार में शामिल हो गए हैं, ...और पढ़ें

नाउरू की संसद में ऐतिहासिक बदलाव (फाइल फोटो- सोशल मीडिया)
HighLights
नाउरू में सभी विपक्षी सांसद सरकार में हुए शामिल।
19 सदस्यीय संसद में अब कोई विपक्ष नहीं बचा।
राष्ट्रपति एडियांग ने इसे राजनीतिक एकता का प्रतीक बताया।
डिजिटल डेस्क, वेलिंगटन। प्रशांत महासागर के छोटे द्वीपीय देश नाउरू में एक असामान्य राजनीतिक घटनाक्रम के तहत सभी विपक्षी सांसद राष्ट्रपति डेविड एडियांग की सरकार में शामिल हो गए हैं। इसके साथ ही देश की 19 सदस्यीय संसद में अब कोई विपक्षी सदस्य नहीं बचा है।
राष्ट्रपति ने इसे राजनीतिक एकता, स्थिरता और साझा उद्देश्य का प्रतीक बताया है। करीब 12 हजार की आबादी वाला नाउरू जनसंख्या और आकार, दोनों ही मामलों में दुनिया के सबसे छोटे देशों में से एक है।
एडियांग ने मंगलवार को फेसबुक पोस्ट में कहा कि सभी सांसदों की प्रतिबद्धता नाउरू के हितों को प्राथमिकता देने की है। हालांकि, उन्होंने यह स्पष्ट नहीं किया कि विपक्ष की भूमिका खत्म होने के बाद सरकार के कामकाज पर निगरानी और जवाबदेही कैसे सुनिश्चित होगी। उनका कहना है कि संसद में विभिन्न विचारों और स्वस्थ लोकतंत्र के अनुरूप खुली बहस जारी रहेगी।
राष्ट्रपति के अनुसार, सांसद पायोन डेये और जेसन बिंघम अगिर को उपमंत्री नियुक्त किए जाने के बाद संसद में सरकार को सभी सदस्यों का समर्थन मिल गया है। 1968 में स्वतंत्रता मिलने के बाद यह पहली बार है जब देश की संसद में कोई विपक्ष नहीं है।
हाल के वर्षों में चीन और पश्चिमी देशों के बीच प्रशांत क्षेत्र में बढ़ती रणनीतिक प्रतिस्पर्धा के कारण इस देश का राजनीतिक महत्व बढ़ा है। नाउरू ने 2024 में ताइवान से राजनयिक संबंध तोड़कर चीन के साथ संबंध बहाल किए थे।
इसके बाद आस्ट्रेलिया ने भी नाउरू के साथ सुरक्षा समझौता किया। राष्ट्रपति एडियांग 2023 से सत्ता में हैं। वह हाल ही में नए मंत्रियों के साथ चीन दौरे पर भी गए थे। (समाचार एजेंसी एपी के इनपुट के साथ)
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।