विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jul 13, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

नाटो ने यूक्रेन को दिया पूर्ण सुरक्षा का भरोसा; रूस ने कहा, खतरनाक गलती कर रहा है संगठन

By AgencyEdited By: Shashank Mishra
Published: Thu, 13 Jul 2023 05:10 AM (IST)

अमेरिका के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार जेक सुलीवान ने कहा है कि यूक्रेन को नाटो की सदस्यता के संबंध में राष्ट्रपति बाइडन ने पूर्व में ही स्पष्ट बयान दे दिया था। उन्होंने इस बाबत राष्ट्रपति जेलेंस्की को भी बता दिया था। जबकि नाटो के महासचिव स्टोल्टेनबर्ग ने जेलेंस्की से कहा कि यूक्रेन इस समय नाटो के सबसे ज्यादा करीब है और उसकी सुरक्षा के लिए हम जिम्मेदार हैं।

जेलेंस्की ने नाटो के फैसले को अच्छा बताया; आदर्श नहीं। रूस ने कहा, खतरनाक गलती कर रहा है नाटो।
जेलेंस्की ने नाटो के फैसले को अच्छा बताया; आदर्श नहीं। रूस ने कहा, खतरनाक गलती कर रहा है नाटो।

विलनियस, रायटर। अमेरिका, ब्रिटेन और नाटो के बाकी 29 सदस्य देश सैन्य संगठन में यूक्रेन की सदस्यता की मांग पर तो आगे नहीं बढ़े लेकिन युद्धग्रस्त देश को पूर्ण सुरक्षा का भरोसा दिया है। विश्व के सर्वाधिक संपन्न जी 7 देशों ने भी यूक्रेन को भविष्य में सैन्य और आर्थिक मदद का आश्वासन दिया है। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने लिथुआनिया की राजधानी में हुई समिट को अच्छा बताया है लेकिन उसके नतीजे को आदर्श नहीं कहा है।

जबकि रूस ने नाटो के आश्वासन को खतरनाक गलती करार दिया है। कहा है कि इससे यूरोप के लिए खतरा बढ़ गया है। इससे पहले यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की ने यूक्रेन को नाटो (उत्तर अटलांटिक संधि संगठन) की सदस्यता के लिए कोई समयसीमा घोषित न करने को बेतुका बताया था।

विदित हो कि यूक्रेन की नाटो की सदस्यता की उत्कंठा ही उस पर रूस के हमले का मुख्य कारण बनी थी। समिट के दौरान जेलेंस्की ने अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन से मुलाकात कर युद्ध के लिए लंबी दूरी तक मार करने वाले हथियारों की आवश्यकता जताई। जेलेंस्की ने कई देशों के नेताओं के साथ भी द्विपक्षीय वार्ता कर उनसे हथियारों की मांग की।

इस बीच अमेरिका के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार जेक सुलीवान ने कहा है कि यूक्रेन को नाटो की सदस्यता के संबंध में राष्ट्रपति बाइडन ने पूर्व में ही स्पष्ट बयान दे दिया था। उन्होंने इस बाबत राष्ट्रपति जेलेंस्की को भी बता दिया था। जबकि नाटो के महासचिव जेंस स्टोल्टेनबर्ग ने जेलेंस्की के साथ मीडिया से बातचीत में कहा कि यूक्रेन इस समय नाटो के सबसे ज्यादा करीब है और उसकी सुरक्षा के लिए हम जिम्मेदार हैं। नाटो की सदस्यता के संबंध में यूक्रेन को निर्णय लेगा, न कि रूस।

एफ-16 विमानों के प्रशिक्षण का समझौता

यूक्रेन ने अमेरिकी लड़ाकू विमान एफ-16 उड़ाने के प्रशिक्षण के सिलसिले में 11 देशों के साथ समझौता किया है। ये देश यूक्रेनी वायुसेना के पायलटों को लड़ाकू विमान उड़ाने का प्रशिक्षण देंगे। फिलहाल किसी देश ने ये विमान यूक्रेन को नहीं दिए हैं लेकिन संकेत हैं कि अमेरिका और सहयोगी देश कुछ महीने बाद इस बाबत घोषणा कर सकते हैं।

वैगनर ने बड़ी मात्रा में डाले हथियार

रूस के सशस्त्र संगठन वैगनर ग्रुप के प्रमुख येवगेनी प्रिगोजिन की राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से मुलाकात के बाद लड़ाकों ने अपने हथियार रूसी सेना को दे दिए हैं। मुलाकात में प्रिगोजिन और उसके कमांडरों ने पुतिन के प्रति अपनी वफादारी को अटूट बताया था और अपने भविष्य का फैसला पुतिन पर छोड़ दिया था। पुतिन के निर्देश पर ही वैगनर ने अपने हथियार सेना को दिए हैं। रूसी रक्षा मंत्रालय ने वीडियो जारी कर दो हजार से ज्यादा मध्यम व बड़े हथियार और ढाई हजार टन से ज्यादा गोला-बारूद समर्पित करने की जानकारी दी है।

यूक्रेन के शहरों पर रूस के हवाई हमले

लिथुआनिया में नाटो समिट के दौरान रूसी सेना ने यूक्रेन पर बड़े हमले किए। इस दौरान राजधानी कीव में लगातार दूसरी रात ड्रोन हमले हुए। इन हमलों में दो लोग घायल हुए हैं जबकि एक गैर आवासीय भवन को नुकसान हुआ है। अन्य शहरों में भी ड्रोन और मिसाइल हमले हुए हैं। बताया गया है कि मंगलवार-बुधवार की रात यूक्रेन में कुल 15 ड्रोन हमले हुए। इनमें से 11 ड्रोन आकाश में ही नष्ट कर दिए गए, शेष चार ने लक्ष्य से टकराकर उन्हें नुकसान पहुंचाया।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।