जापानी गश्ती पोत से टकराकर डूबी उत्तर कोरियाई नाव
हादसे के वक्त उत्तर कोरियाई नाव में करीब 20 लोग सवार थे। दस को सुरक्षित बचा लिया गया है। बाकी लोगों की तलाश जारी है।
टोक्यो, एजेंसी । उत्तर कोरियाई मछुआरों की एक नाव जापान के गश्ती पोत से टकराकर समुद्र में डूब गई। यह घटना सोमवार सुबह जापानी प्रायद्वीप नोटो से 350 किलोमीटर दूर घटी। हादसे के वक्त उत्तर कोरियाई नाव में करीब 20 लोग सवार थे। दस को सुरक्षित बचा लिया गया है। बाकी लोगों की तलाश जारी है।
जापानी तटरक्षक बल के एक अधिकारी ने बताया कि लापता मछुआरों को बचाने का हरसंभव प्रयास किया जा रहा है। जापान की मत्स्य एजेंसी के प्रवर्तन विभाग के प्रमुख सतोषी कुवहारा ने कहा कि जापानी क्षेत्र में अवैध रूप से घुसी उत्तर कोरियाई नाव को वापस खदेड़ते वक्त यह हादसा हो गया।
उत्तर कोरियाई मछुआरे आए दिन जापान के जलक्षेत्र में अवैध तरीके से घुस जाते हैं। पिछले साल एक नाव के साथ दस उत्तर कोरियाई मछुआरे पकड़े गए थे। बाद में उन्हें वापस उनके देश भेज दिया गया था।