कोविड-19 के चपेट में यूरोप: दस लाख से अधिक मामले, बदतर हुए हालात
यूरोप में संक्रमण के आंकड़े तेजी से बढ़े हैं। दुनिया भर के कुल मामलों का आधा आंकड़ा इसी महाद्वीप में है।
पेरिस, एएफपी। पूरी दुनिया में संक्रमण के कुल मामलों का आधा केवल यूरोप में है। बुधवार को यहां नॉवेल कोरोना वायरस से संक्रमण का आंकड़ा दस लाख से अधिक हो गया। कोविड-19 से सर्वाधिक प्रभावित यूरोप में अभी 1,003,284 मामले हैं जिसमें 84,465 संक्रमित मरीजों की मौत हो गई है। दुनिया भर में कोविड-19 संक्रमण का आंकड़ा 1,991,019 है और इससे होने वाली मौत 125,955 है। ये आंकड़े विश्व स्वास्थ्य संगठन की ओर से जारी किए गए हैं। कई देशों में केवल अत्यधिक गंभीर मामलों की ही जांच हो रही है।
स्पेन में 172,541 मामले हैं और यहां 18,056 मौतें हुई हैं। वहीं इटली में संक्रमित मामले 162,488 और इसके कारण मौत का आंकड़ा 21,067 है। इसके अलावा फ्रांस में संक्रमित मामलों का आंकड़ा 143,303 हो गया और 15,729 मौतें हुई हैं। इसके अलावा जर्मनी में नए कोरोना वायरस के कारण संक्रमण का आंकड़ा 127,584 है और मरने वालों का आंकड़ा 3,254 है। ब्रिटेन में 93,873 संक्रमण के मामले हैं और इसके कारण 12,107 लोगों की मौत हो चुकी है।
विश्व स्वास्थ्य संगठन के प्रोफेसर लॉरेस गोस्टीन (Professor Lawrence Gostin) ने बताया, ‘विकासशील दुनिया में महामारी का मतलब है कि मौजूदा हालात पर काबू पाने के बाद भी यह वायरस लौट सकता है।’ Covid-19 के कारण एशिया, यूरोप व उत्तरी अमेरिका में तबाही के हालात हैं।