ऑस्ट्रेलिया में 100 से अधिक पर्यावरण संरक्षकों को किया गया गिरफ्तार
मुंबई में गोरेगांव के आरे फॉरेस्ट मामले में भी कई प्रदर्शनकारियों को गिरफ्त में लिया था। यह लोग भी पेड़ो की कटाई के विरोध में प्रदर्शन कर रहे थे।
कैनबरा, आइएएनएस। अधिकारियों ने मंगलवार को बताया कि वैश्विक पर्यावरण आंदोलन के तहत जलवायु संकट के खिलाफ प्रमुख शहरों में विरोध प्रदर्शन के दौरान ऑस्ट्रेलिया में पिछले दो दिनों में 100 से अधिक लोगों को गिरफ्तार किया गया है। Efe news की रिपोर्ट के अनुसार, एनवायर्नमेंटल मूवमेंट एक्सटिंक्शन रिबेलियन
द्वारा आयोजित रैलियों के दौरान देश भर के कई शहरों में गिरफ्तारियां हुईं।
विक्टोरिया पुलिस ने ट्विटर पर कहा कि उन्होंने मंगलवार को मेलबर्न में 59 लोगों को गिरफ्तार किया। मेलबर्न मार्च में, हिस्सा ले रहे लोगों ने 'एक और दुनिया संभव है' जैसे नारे लगाए, जबकि अन्य ने आंदोलन के तौर पर बैनर उठा रखे थे, जिसमें पर्यावरण को खतरे में दिखाया गया। राष्ट्रीय प्रसारक एबीसी के अनुसार उन्हें अनियमित उच्च जोखिम वाली गतिविधि के लिए आरोपित किया गया था और बुधवार को उन्हें अदालत में पेश किया जाएगा।
न्यू साउथ वेल्स पुलिस के एक बयान के अनुसार, सोमवार को सिडनी में 30 सहित कई शहरों में कम से कम 47 लोगों को पहले ही गिरफ्तार कर लिया गया था। बता दें कि सोमवार को न्यूयॉर्क शहर में लगभग 100 जलवायु कार्यकर्ताओं को एक विरोध प्रदर्शन के दौरान गिरफ्तार कर लिया गया, जब उन्होंने यातायात अवरुद्ध कर दिया और प्रतिष्ठित वॉल स्ट्रीट चार्जिंग बुल प्रतिमा के साथ बर्बरता की।
मुंबई में गोरेगांव के आरे फॉरेस्ट मामले में भी कई प्रदर्शनकारियों को गिरफ्त में लिया था। यह लोग भी पेड़ो की कटाई के विरोध में प्रदर्शन कर रहे थे। हालांकि, मुंबई की एक अदालत ने रविवार को पेड़ काटे जाने का विरोध कर रहे 29 प्रदर्शनकारियों को जमानत दे दी थी। प्रदर्शनकारियों को सार्वजनिक व्यवस्था में गड़बड़ी करने और सरकारी अधिकारियों को उनके कर्तव्यों का पालन करने में बाधा डालने के लिए गिरफ्तार किया गया था।