साउथ कोरिया के सबसे महंगे तलाक में माइकल डेल की एंट्री, SK ग्रुप के चेयरमैन से खरीदे 406 मिलियन डॉलर के शेयर
दुनिया के पांचवें सबसे अमीर व्यक्ति माइकल डेल एसके ग्रुप में 406 मिलियन डॉलर का बड़ा निवेश कर रहे हैं। ...और पढ़ें

माइकल डेल ने एसके ग्रुप में किया बड़ा निवेश

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
डिजिटल डेस्क, सियोल। डेल टेक्नोलॉजीज के संस्थापक और दुनिया के पांचवें सबसे अमीर व्यक्ति माइकल डेल दक्षिण कोरिया के प्रमुख औद्योगिक घराने एसके ग्रुप में 406 मिलियन डॉलर (लगभग 544 बिलियन वॉन) का बड़ा निवेश करने जा रहे हैं।
रॉयटर्स की रिपोर्ट के अनुसार, माइकल डेल से जुड़ा एक इन्वेस्टमेंट फंड एसके ग्रुप के चेयरमैन चे ताए-वोन से उनकी होल्डिंग कंपनी एसके इंक में 1.34 प्रतिशत हिस्सेदारी खरीदेगा।
यह सौदा दरअसल चेयरमैन चे ताए-वोन की उस रणनीति का हिस्सा है, जिसके तहत वे अपनी पूर्व पत्नी रो सो-योंग के साथ हुए ऐतिहासिक तलाक के सेटलमेंट की रकम चुकाने के लिए शेयर बेचकर कुल 944 बिलियन वॉन (711 मिलियन डॉलर) जुटा रहे हैं। रो सो-योंग सियोल स्थित आर्ट सेंटर नाबी की निदेशक और दक्षिण कोरिया के पूर्व राष्ट्रपति रो ताए-वू की बेटी हैं।
डेल का फैमिली ऑफिस
एसके इंक द्वारा की गई रेगुलेटरी फाइलिंग के मुताबिक, चे ताए-वोन कंपनी में अपनी 2.26 प्रतिशत हिस्सेदारी (1.65 मिलियन शेयर) बेचने पर सहमत हुए हैं। इसमें से 972,493 शेयर डेलावेयर स्थित इन्वेस्टमेंट फंड डीएफो पब्लिक इन्वेस्टमेंट्स, एलपी को बेचे जाएंगे, जो माइकल डेल के फैमिली ऑफिस डीएफसी मैनेजमेंट से संबद्ध है।
बाकी बची रकम जुटाने के लिए चे ताए-वोन ने सियोल की ब्रोकरेज फर्म कोरिया इन्वेस्टमेंट एंड सिक्योरिटीज के साथ 400 बिलियन वॉन (301 मिलियन डॉलर) का एक प्राइस रिटर्न स्वैप सौदा किया है, जिसमें एसके इंक के 0.94 प्रतिशत शेयर शामिल हैं।
माइकल डेल की संपत्ति
डेल टेक्नोलॉजीज एआई सर्वर और डेटा सेंटर इंफ्रास्ट्रक्चर की दुनिया में एक बड़ा नाम है। कंपनी के एसके ग्रुप की चिपमेकर इकाई एसके हाइनिक्स के साथ मजबूत व्यावसायिक संबंध हैं, जो डेल के डेटा सेंटर्स के लिए हाई-परफॉर्मेस मेमोरी चिप्स की आपूर्ति करती है। ऐसे में इस निवेश को दोनों समूहों के बीच रिश्तों को और मजबूत करने के रूप में भी देखा जा रहा है।
61 वर्षीय माइकल डेल की कुल संपत्ति लगभग 241.3 बिलियन डॉलर है। डेल टेक्नोलॉजीज के शेयरों में आई तेजी और ब्रॉडकॉम में उनकी हिस्सेदारी के चलते उनकी संपत्ति में हाल के दिनों में भारी उछाल आया है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।