विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'क्या आप बिना किसी जानकारी के आ रहे हैं?', 6 लोगों को लेकर बॉस्टन जा रहे लापता विमान से जुड़ा ऑडियो आया सामने

Published: Sun, 04 Oct 2026 08:58 AM (IST)

अटलांटिक महासागर के ऊपर से गुजर रहा एक मेडिकल जेट संदिग्ध परिस्थितियों में गायब हो गया, जिसमें 6 लोग सवार ...और पढ़ें

HighLights

  1. अटलांटिक पर 6 लोगों वाला मेडिकल जेट गायब हुआ।

  2. विमान का मलबा नैनटकेट के पास समंदर में मिला।

  3. अंतिम बातचीत में तकनीकी खराबी की आशंका जताई गई।

डिजिटल डेस्क, वाशिंगटन। अटलांटिक महासागर के ऊपर से गुजर रहा एक मेडिकल जेट संदिग्ध परिस्थितियों में गायब हो गया है। विमान में 6 लोग सवार थे। रडार से गायब होने से पहले एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) और पायलट के बीच हुई बातचीत का आखिरी ऑडियो सामने आया है, जो बेहद डरावना है। दूसरी ओर अमेरिकी तटरक्षक बल को नैनटकेट के पास समंदर में इस विमान का मलबा मिल गया है।

बता दें कि कनाडा में रजिस्टर्ड 'गल्फस्ट्रीम G100' जेट, जिसे 'लैटिट्यूड एयर एम्बुलेंस' ऑपरेट कर रही थी, उसने शनिवार को स्थानीय समयानुसार रात करीब 12:41 बजे बरमूडा के एलएफ वाडे अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से उड़ान भरी थी। इसे 6 लोगों के साथ बोस्टन लोगान अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतरना था।

विमान में कौन-कौन था?

मिली जानकारी के अनुसार इस विमान में कुल 6 लोग सवार थे, जिनमें 2 पायलट, 2 मेडिकल स्टाफ, 1 मरीज और मरीज का एक रिश्तेदार शामिल थे। बोस्टन ग्लोब की रिपोर्ट के मुताबिक, संपर्क टूटने से ठीक पहले विमान में भारी बिजली और तकनीकी खराबी आ गई थी।

ATC और पायलट के बीच आखिरी बातचीत का ऑडियो वायरल

एयर ट्रैफिक कंट्रोल रिकॉर्डिंग के अनुसार, एटीसी कंट्रोलर ने पायलट से पूछा 'रोजर, आपने कहा कि आप बिना विजुअल या इंस्ट्रूमेंट के आ रहे हैं? क्या आपने यही कहा?

पायलट का जवाब ठीक से सुनाई नहीं दिया, जिसके बाद कंट्रोलर ने पूछा कि क्या क्रू ने इमरजेंसी घोषित कर दी है? इसके कुछ ही देर बाद विमान का संपर्क रडार और रेडियो दोनों से पूरी तरह कट गया।

2 मिनट में 13000 फीट नीचे गिरा विमान

मीडिया रिपोर्टस की माने तो विमान करीब 24000 फीट की ऊंचाई पर उड़ रहा था। अचानक महज दो मिनट के भीतर यह विमान करीब 13000 फीट नीचे आ गया। इसके अलावा कुछ रिपोर्ट्स के मुताबिक यह गिरकर करीब 10000 फीट की ऊंचाई पर आ गया था। मैसाचुसेट्स तट के पास नैनटकेट से लगभग 80 मील दक्षिण में यह विमान आसमान से ओझल हो गया।

तटरक्षक बल को मिला मलबे का ढेर

गौरतलब है कि रात करीब 1:20 बजे फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (FAA) ने सर्च और रेस्क्यू अलर्ट जारी किया। इसके बाद अमेरिकी तटरक्षक बल ने तुरंत अपने विमान और जहाज तलाश में उतार दिए।

तटरक्षक बल ने पुष्टि की है कि उन्होंने नैनटकेट के दक्षिण में पानी में एक 'मलबे का क्षेत्र' ढूंढ निकाला है, जो उसी लापता विमान से जुड़ा है। विमान में सवार लोगों की तलाश और जांच का काम अभी भी जारी है।