मालदीव के राष्ट्रपति ने महंगे तोहफे लेकर लीज पर दे दिए दो द्वीप
मालदीव के राष्ट्रपति अब्दुल्ला यामीन पर अरबपति डेवलपर से महंगे तोहफे लेने का आरोप लगा है।
माले, एएफपी। मालदीव के राष्ट्रपति अब्दुल्ला यामीन पर अरबपति डेवलपर से महंगे तोहफे लेने का आरोप लगा है। भ्रष्टाचार पर नजर रखने वाली संस्था ऑर्गेनाइज्ड क्राइम एंड करप्शन रिपोर्टिग प्रोजेक्ट (ओआरसीआरपी) के अनुसार, यामीन ने इसके बदले में बिना बोली डेवलपर को दो द्वीप लीज पर दे दिए। एक द्वीप के लिए पचास लाख डॉलर (करीब 360 करोड़ रुपये) लिए गए थे जबकि दूसरा मुफ्त था।
राष्ट्रपति पर यह आरोप देश में होने वाले चुनाव से चंद रोज पहले लगा है। राष्ट्रपति यामीन के सभी मुख्य प्रतिद्वंदी इस समय या तो जेल में हैं या निर्वासित हैं। इसकी वजह से देश में निष्पक्ष चुनाव होने पर असमंजस है। विपक्षी पार्टी के प्रत्याशी इब्राहिम मुहम्मद सोलिह ने भी 23 सितंबर को होने वाले राष्ट्रपति चुनाव में धांधली की आशंका जताई है।
ओआरसीआरपी का दावा है उसने लीक हुए सरकारी दस्तावेजों से राष्ट्रपति के खिलाफ सुबूत इकट्ठे किए हैं। यामीन ने हालांकि इस आरोप को खारिज कर दिया है। वर्ष 2016 में भी द्वीपों को लीज पर देने से जुड़ा घोटाला सामने आया था। इसके बाद तत्कालीन पर्यटन मंत्री अहमद अदीब को भ्रष्टाचार समेत कई आरोपों में जेल जाना पड़ा था।