इजरायल चुनाव से पहले वेस्ट बैंक में सेना की बड़ी कार्रवाई, ढहाए गए सैकड़ों मकान; 40 फलस्तीनी गिरफ्तार
इजरायल में मंगलवार को संसदीय चुनाव होने हैं, जिसके पहले वेस्ट बैंक के हेब्रान में इजरायली सेना की कार्रवाई जारी है।

इजरायल में 27 अक्टूबर को मतदान
HighLights
इजरायल में मंगलवार को होने वाले संसदीय चुनाव की तैयारी।
वेस्ट बैंक के हेब्रान में इजरायली सेना की कार्रवाई।
कार्रवाई में सैकड़ों मकान ढहे, 2,200 लोग विस्थापित।
डिजिटल डेस्क, यरुशलम। इजरायल में मंगलवार को होने वाले संसदीय चुनाव के मतदान से पहले वेस्ट बैंक के हेब्रान शहर में इजरायली सेना की कार्रवाई जारी है।
इस कार्रवाई में अभी तक सैकड़ों मकान ढहाए जा चुके हैं और 2,200 लोग विस्थापित किए जा चुके हैं। कार्रवाई में 40 फलस्तीनी गिरफ्तार किए गए हैं जिनके फलस्तीनी सशस्त्र संगठन हमास और इस्लामिक जिहाद से जुड़े होने का शक है। यह कार्रवाई शुक्रवार को हेब्रान में दो इजरायली सैनिकों के मारे जाने के बाद शुरू हुई है।
इजरायल में 27 अक्टूबर को मतदान
मंगलवार को होने वाले मतदान में भाग लेने के लिए अमेरिका और अन्य देशों में रहने वाले दसियों हजार इजरायली इजरायल जाने की तैयारी में हैं। इनमें से हजारों वहां पहुंच भी चुके हैं। यह जानकारी इजरायल में लोकतंत्र को बढ़ावा देने वाली अमेरिकी संस्था एआइडी ने दी है।
इजरायल में मतदान के लिए शारीरिक रूप से उपस्थित रहना जरूरी है। बिना उपस्थित हुए मतदान का अधिकार केवल विदेश में तैनात राजनयिकों और कुछ खास लोगों को है।
विदित हो कि इजरायल में 73 लाख से ज्यादा पंजीकृत मतदाता हैं जिनमें से अधिकांश अपने मताधिकार का प्रयोग करते हैं। इस बार का चुनाव प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के लिए महत्वपूर्ण है।
तीन वर्ष से युद्ध में फंसे इजरायल में अब नेतन्याहू के कामकाज की परीक्षा होगी। वैसे वह इजरायल में सबसे लंबे समय से सत्ता में काबिज नेता हैं। अगर उनकी दक्षिणपंथी लिकुड पार्टी फिर से सत्ता में आती है और नेतन्याहू प्रधानमंत्री बनते हैं तो वह नया रिकार्ड बनाएंगे।
(समाचार एजेंसी एपी के इनपुट के साथ)
