उत्तर और दक्षिण कोरिया के रिश्तों में मिठास बनी रहे इसलिए बंद होंगी कुछ चौकियां
रक्षा मंत्री ने बताया कि इनमें वे चौकियां शामिल हैं जो उत्तर कोरिया की चौकियों के 700 मीटर से एक किलोमीटर के दायरे में हैं।
सियोल, एएफपी। उत्तर और दक्षिण कोरिया के रिश्ते तेजी से सामान्य हो रहे हैं। दोनों देश अब कुछ सीमावर्ती सुरक्षा चौकियों को बंद करने पर राजी हो गए हैं। यह अभी हालांकि प्रायोगिक तौर पर होगा।
दक्षिण कोरिया के रक्षा मंत्री सोंग यंग मू ने मंगलवार को संसद में एलान किया, 'हम करीब दस सीमा चौकियां बंद करेंगे। उत्तर कोरिया के सर्वोच्च नेता किम जोंग उन और दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति मून जे इन के बीच अप्रैल में हुई ऐतिहासिक बैठक के बाद यह कदम दोनों देशों के बीच विश्वास बहाली में मदद करेगा। पहले हम एक या दो पोस्ट हटाएंगे बाद में इनकी संख्या बढ़ाई जाएगी। उत्तर कोरिया भी ऐसा ही करेगा।'
रक्षा मंत्री ने बताया कि इनमें वे चौकियां शामिल हैं जो उत्तर कोरिया की चौकियों के 700 मीटर से एक किलोमीटर के दायरे में हैं।
उल्लेखनीय है कि वर्ष 1953 में कोरियाई युद्ध समाप्त होने के बाद दोनों देशों की सीमा को निर्धारित करने के लिए बनाया गया असैन्य क्षेत्र अपने नाम के एक दम विपरीत है। यह दुनिया की सबसे ज्यादा सैन्य उपकरणों से लैस सीमाओं में शामिल है।