सुलह के लिए इटली में मिले लीबिया के दो मुख्य प्रतिद्वंद्वी नेता
लीबिया के दो मुख्य प्रतिद्वंद्वी नेता फयाज अल-सेराज और खलीफा हफ्तार मंगलवार को पांच महीने बाद पहली बार इटली के पालेरमो शहर में मिले।
पालेरमो, रायटर। लीबिया के दो मुख्य प्रतिद्वंद्वी नेता फयाज अल-सेराज और खलीफा हफ्तार मंगलवार को पांच महीने बाद पहली बार इटली के पालेरमो शहर में मिले। दोनों नेताओं में सुलह के मकसद से इटली ने इस मुलाकात का आयोजन किया था। लीबिया के प्रधानमंत्री फयाज का पश्चिमी लीबिया पर नियंत्रण है। जबकि, कमांडर खलीफा का पूर्वी लीबिया पर शासन है।
दोनों नेताओं की यह मुलाकात इटली के प्रधानमंत्री गिसेप कोंटे की मौजूदगी में हुई। कमांडर खलीफा वर्ष 2011 में सत्ता से बेदखल किए गए लीबिया के तानाशाह मुअम्मर गद्दाफी की सेना में अपनी सेवाएं दे चुके हैं। फिलहाल वह लीबिया के सबसे शक्तिशाली सशस्त्र गुट के प्रमुख हैं। उन्होंने सऊदी अरब और मिस्र की मदद से पूर्वी लीबिया से इस्लामी आतंकियों को खदेड़ा था।
फयाज देश के पूर्वी हिस्से को भी अपने प्रभाव में लाना चाहते हैं। इसी को लेकर दोनों में वर्चस्व की जंग चल रही है। इटली अपने आर्थिक हितों को देखते हुए लीबिया में शांति चाहता है। साथ ही लीबिया तट से हो रही मानव तस्करी पर रोक भी लगाना चाहता है।