विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जेनसन हुआंग के इस्तीफे से हिला ग्लोबल AI इकोसिस्टम, कोलेट क्रेस बनीं एनवीडिया की अंतरिम CEO

Published: Thu, 12 Nov 2026 11:32 PM (GMT+05:30)

एनवीडिया के प्रमुख जेनसन हुआंग के इस्तीफे से एआई उद्योग में हलचल मच गई है, कोलेट क्रेस को अंतरिम सीईओ नियुक्त किया गया है।

एनवीडिया प्रमुख के इस्तीफे से एआई इकोसिस्टम को झटका

एनवीडिया प्रमुख के इस्तीफे से एआई इकोसिस्टम को झटका

HighLights

  1. जेनसन हुआंग के इस्तीफे से एनवीडिया और एआई उद्योग में हलचल।

  2. कोलेट क्रेस बनीं अंतरिम सीईओ, भविष्य की रणनीति पर नजर।

  3. एआई इकोसिस्टम फंडिंग, अमेरिकी चिप निर्यात नीति पर चिंता।

डिजिटल डेस्क, सिंगापुर। दुनिया की दिग्गज चिप कंपनी एनवीडिया के प्रमुख जेनसन हुआंग के पद छोड़ने की खबर से एआई उद्योग और शेयर बाजार में हलचल मच गई है।

निवेशकों की सबसे बड़ी चिंता यह है कि नए नेतृत्व में कंपनी एआई क्षेत्र की कंपनियों और डाटा सेंटर परियोजनाओं को वित्तीय मदद देने की अपनी रणनीति जारी रखेगी या नहीं।

बोर्ड की बैठक के बाद गुरुवार को हुआंग के जाने की खबर आई। नवनियुक्त अंतरिम सीईओ कोलेट क्रेस ने आगे की रणनीति पर विचार के लिए 18 नवंबर को बैठक बुलाई है। 11 सदस्यीय बोर्ड की अध्यक्षता सिनोप्सिस के सीईओ हार्वे जोन्स करेंगे।

हुआंग के जाने से उस एआई इकोसिस्टम के बिगड़ने का खतरा है, जिसे खड़ा करने में उन्होंने मदद की थी। उन्होंने एनवीडिया के पास जमा हो रहे भारी नकदी को क्लाउड प्रदाता, आपूर्तिकर्ता और उद्योग की सबसे बड़ी एआई प्रयोगशालाओं में निवेश करके इस इकोसिस्टम को आर्थिक सहारा दिया था।

विशेषज्ञों का कहना है कि एआई से जुड़े बेहद जटिल सिस्टम को आगे बढ़ाना अपने आप में चुनौती है। साथ ही अमेरिकी चिप निर्यात नीति को भी झटका लगने की आशंका है, जिसे हुआंग ने चीनी बाजार तक पहुंच दिलाने में मेहनत की थी।

तीन दशक से अधिक समय में हुआंग ने एनवीडिया को करीब चार ट्रिलियन डालर की कंपनी बनाया। चैटजीपीटी के आने के बाद चार वर्षों में इसके शेयर करीब 900% चढ़े।

विश्लेषकों का मानना है कि उन्नत जीपीयू के क्षेत्र में फिलहाल एनवीडिया का कोई वास्तविक विकल्प नहीं है। इसलिए नेतृत्व परिवर्तन से मांग पर तत्काल असर पड़ने की आशंका कम है। अगले सप्ताह आने वाले कंपनी के नतीजों और एंथ्रोपिक के प्रस्तावित आइपीओ पर निवेशकों की नजर रहेगी।

चीन को एनवीडिया के चिप निर्यात पर घिरा ट्रंप प्रशासन

चीन को एआई चिप्स के निर्यात में ढील को लेकर ट्रंप प्रशासन घिरने लगा है। वाणिज्य मंत्री हावर्ड लुटनिक को चीनी कंपनियों के प्रति नरमी का आरोप लगाकर तमाम सांसद सवाल उठा रहे हैं। उनका कहना है कि ट्रंप प्रशासन ने दर्जनों चीनी कंपनियों को एक अहम ट्रेड ब्लैकलिस्ट में शामिल नहीं किया।

उन्होंने पूछा कि चीन को किए जा रहे एनवीडिया चिप निर्यात की ठीक से निगरानी हो रही थी या नहीं। एक्सियोस ने एक रिपोर्ट में दावा किया कि लुटनिक ने उन कंपनियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई को रोक दिया था, जिस पर एनवीडिया के चिप्स को चीन भेजने का संदेह था।

जून में रॉयटर ने रिपोर्ट दी थी कि ट्रंप प्रशासन ने चीन के एआई स्टार्टअप डीपसीक, मेमोरी चिप बनानेवाली सीएक्सएमटी और 100 से अधिक कंपनियों को ट्रेड ब्लैकलिस्ट में शामिल नहीं किया, जबकि इन्हें राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए खतरा माना गया था। अक्टूबर 2025 के बाद से इस लिस्ट में किसी नई कंपनी का नाम नहीं है।

सोर्स- न्यूज एजेंसी रॉयटर्स के इनपुट के अनुसार

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।