जेफ्री एपस्टीन ने नहीं की थी आत्महत्या? नई फारेंसिक रिपोर्ट में गला घोंटकर हत्या की आशंका, दोबारा जांच की मांग
एक नई फॉरेंसिक रिपोर्ट ने जेफ्री एपस्टीन की मौत पर सवाल उठाए हैं, जिसमें आत्महत्या के बजाय गला घोंटकर हत्या की आशंका जताई गई है।

जेफ्री एपस्टीन की मौत पर नई फॉरेंसिक रिपोर्ट ने उठाए सवाल
HighLights
नई फॉरेंसिक रिपोर्ट ने एपस्टीन की मौत पर सवाल उठाए।
विशेषज्ञों ने गला घोंटकर हत्या की आशंका जताई, आत्महत्या नहीं।
एपस्टीन के भाई ने मामले की दोबारा जांच की मांग की।
डिजिटल डेस्क, न्यूयार्क। अमेरिका के कुख्यात यौन अपराधी जेफ्री एपस्टीन की मौत को लेकर एक नई फारेंसिक रिपोर्ट ने सवाल खड़े कर दिए हैं। विशेषज्ञों की एक टीम ने दावा किया है कि एपस्टीन के शव पर मिले चोट के निशान आत्महत्या के बजाय गला घोंटकर हत्या किए जाने की ओर इशारा करते हैं।
हालांकि, न्यूयार्क के मुख्य चिकित्सा परीक्षक कार्यालय ने 2019 में दी गई आत्महत्या की रिपोर्ट पर कायम रहने की बात कही है।
नई रिपोर्ट सोमवार को लंदन में पेश की गई। इसमें फारेंसिक विशेषज्ञ माइकल फ्रीमैन, स्वीडन के उमेआ विश्वविद्यालय के फारेंसिक पैथोलाजिस्ट एंडर्स एरिक्सन और न्यूरोसाइंटिस्ट इटियल ड्रोर शामिल थे। टीम ने एपस्टीन की पोस्टमार्टम रिपोर्ट और शव की तस्वीरों का विश्लेषण किया।
विशेषज्ञों के अनुसार, गर्दन पर मिले निशान फांसी लगाने से होने वाली चोटों से मेल नहीं खाते। उनके अनुसार, ये निशान पीछे से पतले कपड़े के सहारे गला घोंटने की आशंका जताते हैं। टीम ने यह भी कहा कि शरीर पर अन्य चोट या खरोंच के निशान नहीं थे।
न्यूयार्क टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार, एपस्टीन के भाई मार्क एपस्टीन ने नई रिपोर्ट के आधार पर मामले की जांच दोबारा शुरू करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि अब यह स्पष्ट है कि उनके भाई ने आत्महत्या नहीं की थी।
गौरतलब है कि एपस्टीन 10 अगस्त 2019 को न्यूयार्क की मेट्रोपालिटन करेक्शनल सेंटर जेल में अपनी कोठरी में मृत पाए गए थे। उस समय वह नाबालिग लड़कियों की तस्करी और यौन शोषण के आरोपों में मुकदमे का सामना कर रहे थे।
मौत से कुछ सप्ताह पहले उन्हें आत्महत्या निगरानी में रखा गया था, लेकिन 24 जुलाई को इससे हटा दिया गया था। अमेरिकी न्याय विभाग की 2023 की रिपोर्ट में जेल के सीसीटीवी कैमरों में लंबे समय से तकनीकी खराबी का भी उल्लेख किया गया था।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।