कोरिया वार्ता से पहले सियोल पहुंचे जापान के विदेश मंत्री
इस प्रक्रिया से खुद को अलग महसूस कर रहे जापान ने पिछले महीने किम और प्रधानमंत्री शिंजो एबी के बीच वार्ता की संभावनाओं का भी जिक्र किया था।
सियोल (एएफपी)। उत्तर और दक्षिण कोरिया के बीच इस महीने होने वाली अहम वार्ता से पहले जापान के विदेश मंत्री तारो कोनो बुधवार को सियोल पहुंचे। वह इस वार्ता के एजेंडे में उत्तर कोरिया से जुड़ी अपने देश की चिंताओं को भी शामिल कराना चाहते हैं।
जापान के विदेश मंत्री पिछले दो साल में पहली बार दक्षिण कोरिया का दौरा कर रहे हैं। इस महीने की 27 तारीख को उत्तर कोरिया के तानाशाह किम जोंग उन और दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति मून जे-इन के बीच शिखर वार्ता होने वाली है।
इसके बाद मई या जून के शुरू में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और किम के बीच मुलाकात होने की संभावना है। इसमें उत्तर कोरिया के परमाणु निरस्त्रीकरण की दिशा तय हो सकती है। इस प्रक्रिया से खुद को अलग महसूस कर रहे जापान ने पिछले महीने किम और प्रधानमंत्री शिंजो एबी के बीच वार्ता की संभावनाओं का भी जिक्र किया था।
जापान सरकार के प्रवक्ता योशीहाइड शुगा ने बुधवार को कहा कि अपने दक्षिण कोरियाई समकक्ष कांग क्यूंग-वा से मुलाकात में कोनो उत्तर कोरिया के परमाणु व मिसाइल मसलों पर चर्चा करेंगे। ज्ञात हो कि उत्तर कोरिया ने पिछले साल कई बैलिस्टिक मिसाइलों का परीक्षण किया था। इनमें से कुछ मिसाइलें जापान के ऊपर से गुजरी थीं।