विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'इटली की पॉपुलैरिटी अमेरिकी रिश्तों पर निर्भर नहीं', ट्रंप को मेलोनी का करारा जवाब

Published: Sat, 20 Jun 2026 09:05 PM (GMT+05:30)Updated: Sat, 20 Jun 2026 09:12 PM (GMT+05:30)

डोनल्ड ट्रंप के इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी पर लोकप्रियता के लिए फोटो खिंचवाने के आरोप के बाद विवाद बढ़ गया है।

मेलोनी ने ट्रंप से कहा- आप अपनी लोकप्रियता पर ध्यान दें (फोटो-रॉयटर्स)

मेलोनी ने ट्रंप से कहा- आप अपनी लोकप्रियता पर ध्यान दें (फोटो-रॉयटर्स)

HighLights

  1. मेलोनी ने ट्रंप के फोटो मांगने के दावे को खारिज किया।

  2. लोकप्रियता इटली के राष्ट्रीय हितों की रक्षा करने की क्षमता पर निर्भर।

  3. अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर इटली की संप्रभुता का किया दावा।

डिजिटल डेस्क, रोम। इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप के बीच विवाद लगातार बढ़ता जा रहा है। ट्रंप ने आज शनिवार को मेलोनी के साथ फोटो वाली बात को फिर एक बार दोहराया था।

ट्रंप ने कहा था कि इटली की प्रधानमंत्री ने अपनी लोकप्रियता बढ़ाने के लिए उनसे फोटो खिंचवाने के लिए मिन्नतें की थीं। अब जॉर्जिया मेलोनी ने ट्रंप की ऐसी बातों का फिर एक बार जवाब दिया है।

मेलोनी ने ट्रंप को दिया करारा जवाब

इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी ने इंस्टाग्राम पर लिखा, 'राष्ट्रपति ट्रंप, ये लगातार और बिना किसी वजह के किए जा रहे हमले बेमतलब हैं। जहां तक मेरी लोकप्रियता की बात है, तो आपके दोस्त होने से इसमें कोई मदद नहीं मिली है और न ही यह आपके साथ मेरे रिश्तों पर निर्भर करती है।'

मेलोनी ने आगे लिखा, 'मेरी लोकप्रियता इटली के राष्ट्रीय हितों की रक्षा करने की मेरी क्षमता पर निर्भर करती है और मैंने हमेशा यही किया है।'

इटली की प्रधानमंत्री ने आगे लिखा, 'वैसे भी, मेरी लोकप्रियता आपकी चिंता का विषय नहीं है। मेरा सुझाव है कि आप अपनी लोकप्रियता पर ध्यान दें।'

ट्रंप के सभी दावों को किया खारिज

मेलोनी ने सैन्य सहयोग को लेकर ट्रंप की आलोचना को भी खारिज करते हुए कहा, 'इटली में अमेरिकी सैन्य ठिकानों के मामले में भी मैंने यही किया।'

मेलोनी ने आगे लिखा, 'उनके इस्तेमाल से जुड़े समझौतों का हमने हमेशा सम्मान किया है और जब तक मैं प्रधानमंत्री हूं, उनका उल्लंघन नहीं किया जा सकता। इटली एक संप्रभु देश है।'

क्या है मामला?

अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप और इटली की पीएम मेलोनी फ्रांस में G7 समिट के दौरान मिले थे। इस समिट के बाद ट्रंप ने दावा किया कि मेलोनी ने उनके साथ फोटो खिंचवाने के लिए मिन्नतें की थीं।

ट्रंप के इस दावे के बाद पीएम मेलोनी का रिएक्शन सामने आया। मेलोनी ने कहा, 'मैं और इटली किसी से भीख नहीं मांगते।' इसी के साथ ही ये मुद्दा एक बड़े विवाद का रूप लेता जा रहा है।

यह भी पढ़ें- टूट जाएगा अमेरिका-ईरान का समझौता? तेहरान ने बंद किया होर्मुज, अलर्ट पर अमेरिकी सेना

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।