इटली के विदेश मंत्री का निजी डेटा डार्क वेब पर लीक, रूस समर्थक हैकरों पर आरोप
इटली के विदेश मंत्री एंटोनियो तजानी का निजी डेटा डार्क वेब पर लीक हो गया है, जिससे उन्हें और उनके परिवार को धमकियां मिल रही हैं।

(AI से बनाई गई सांकेतिक तस्वीर)
HighLights
इटली के विदेश मंत्री का निजी डाटा डार्क वेब पर लीक।
रूस समर्थक हैकरों पर प्रधानमंत्री मेलोनी ने लगाया आरोप।
लीक के बाद मंत्री को मिल रही हैं नई धमकियां।
डिजिटल डेस्क, रोम। इटली के विदेश मंत्री एंटोनियो तजानी ने शनिवार को बताया कि उनका निजी डाटा डार्क वेब पर लीक कर दिया गया है, और उन्हें धमकियां मिल रही है। इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी ने इस लीक के लिए रूस समर्थक हैकरों को जिम्मेदार ठहराया है।
तजानी ने एक पोस्ट के जरिए यह जानकारी दी। यह घटनाक्रम यूरोप भर में बम की झूठी धमकियों, ब्रॉडकास्टरों के लिए सुरक्षा खतरों, सुपरमार्केट के रेफ्रिजरेशन सिस्टम पर हमलों और ड्रोन घुसपैठ की हालिया घटनाओं के बाद सामने आया है।
तजानी ने कहा कि कई दिनों से साइबर अपराधी डार्क वेब पर मेरा निजी डाटा फैला रहे हैं और अन्य जानकारियां जुटाने की कोशिश कर रहे हैं। इससे मुझे और मेरे परिवार को नए खतरों और डराने-धमकाने की स्थितियों का सामना करना पड़ रहा है। ये अपराधी मेरे और मेरे करीबियों के बारे में अन्य जानकारियां पाने के लिए पैसे देने को भी तैयार हैं।
प्रधानमंत्री मेलोनी ने तजानी के प्रति समर्थन जताया। उन्होंने कहा कि रूस समर्थक हैकरों की गतिविधियों और डार्क वेब पर निजी डाटा लीक होने की घटनाओं के बाद, मैं तजानी के साथ खड़ी हूं। तजानी इटली सरकार में उप-प्रधानमंत्री भी हैं। उन्होंने यह स्पष्ट नहीं किया कि किस तरह की जानकारी लीक हुई है।