तुर्किए के इस्तांबुल में मिडिल स्कूल में चाकूबाजी, 8 छात्र घायल
तुर्किए के इस्तांबुल में एक मिडिल स्कूल में चाकूबाजी की घटना में आठ छात्र घायल हो गए। पुलिस ने हमलावर छात्रा को हिरासत में ले लिया है।

तुर्किए के इस्तांबुल में मिडिल स्कूल में चाकूबाजी। (रॉयटर्स)
HighLights
इस्तांबुल के मिडिल स्कूल में चाकूबाजी की घटना हुई।
घटना में कुल आठ छात्र घायल, एक की हालत गंभीर।
हमलावर छात्रा हिरासत में, पुलिस ने जांच शुरू की।
डिजिटल डेस्क, अंकारा। तुर्किए के इस्तांबुल में मंगलवार को बसाकसेहिर जिले में एक मिडिल स्कूल में चाकूबाजी की घटना में आठ छात्र घायल हो गए। शुरुआती खबरों के मुताबिक, कायासोहिर शेख शामिल इमाम हतिप मिडिल स्कूल में छात्रों के बीच किसी अज्ञात वजह से झगड़ा शुरू हो गया।
घायल छात्रों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। तुर्की के प्रमुख अखबार 'डेली सबाह' की रिपोर्ट के अनुसार, घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस और मेडिकल टीमों को स्कूल भेजा गया।
इस्तांबुल के गवर्नर कार्यालय ने कहा कि घटना की जांच शुरू कर दी गई है। शुरुआती खबरों से पता चला है कि दूसरे स्कूल की एक छात्रा स्कूल यूनिफॉर्म पहनकर स्कूल में घुसी और उसने छात्रों पर चाकू से हमला किया। हमला करने की संदिग्ध छात्रा को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है।
घायल छात्रों का इलाज जारी
तुर्की के स्वास्थ्य मंत्री केमल मेमिसोउलू ने कहा कि आठ घायल छात्रों का इलाज चल रहा है, जिनमें से एक की हालत गंभीर है और दो की हालत मध्यम से गंभीर है। उन्होंने उनके जल्द ठीक होने की कामना की।
मेमिसोउलू ने एक्स पर पोस्ट किया कि मैं बसाकसेहिर के हमारे एक मिडिल स्कूल में हुई लड़ाई में घायल हुए छात्रों और उनके परिवारों के जल्द ठीक होने की कामना करता हूं। घटना से प्रभावित हमारे 8 घायलों में से 1 की हालत गंभीर और 2 की हालत मध्यम से गंभीर है, और उनका इलाज हमारे अस्पतालों में चल रहा है। हम उनकी सेहत पर बारीकी से नजर रख रहे हैं। मैं उनके जल्द ठीक होने की कामना करता हूं।
(समाचार एजेंसी आईएएनएस के इनपुट के साथ)
