इजरायल में सत्ता की नई बिसात: नेतन्याहू का 'सेकंड PM' दांव, आइजनकोट मानेंगे या भरोसे की कमी बिगाड़ेगी खेल?
सत्ता के गतिरोध के बीच नेतन्याहू ने अपना सकेंड पीएम का दांव खेला है। हालांकि अब सवाल यह है कि क्या आइजनकोट नेतन्याहू के इस प्रस्वात को स्वीकार करेंगे या फिर भरोसे की दिवार पूरा खेल को खराब कर देगी?
-1795863560864_m.webp)
नेतन्याहू के प्रस्ताव से इजरायल के सियासत में गर्माहट (तस्वीर-PTI)
HighLights
नेतन्याहू ने आइजनकोट को रोटेशन पीएम का प्रस्ताव दिया।
आइजनकोट ने सुरक्षा चूक जांच, अनिवार्य सैन्य सेवा की शर्त रखी।
इजरायल में सरकार गठन पर गहरा राजनीतिक गतिरोध जारी।
डिजिटल डेस्क, तेल अवीव। इजरायल की राजनीति एक बार फिर गहरे गतिरोध में फंस गई है। चुनाव के बाद सरकार बनाने को लेकर जारी खींचतान के बीच एक बड़ी खबर सामने आ रही है।
'द टाइम्स ऑफ इजरायल' और 'चैनल 13' की रिपोर्ट के मुताबिक, प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू यशर पार्टी के अध्यक्ष गादी आइजनकोट को सत्ता के बंटवारे का एक बड़ा प्रस्ताव देने की तैयारी कर रहे हैं।
रोटेशन समझौते की तैयारी में नेतन्याहू
इस बात को ऐसे समझा जा सकता है कि अगर नेतन्याहू ये प्रस्ताव आइजनकोट को देते हैं, तब दोनों नेताओं के बीच रोटेशन समझौता हो जाएगा। यानी बारी-बारी से प्रधानमंत्री की कमान दोनों नेता संभाल सकेंगे। बड़ी बात यह है कि इस समझौते में नेतन्याहू दूसरे नंबर पर यानी आइजनकोट के बाद प्रधानमंत्री बनने के लिए भी तैयार बताए जा रहे हैं।
क्या है पर्दे के पीछे की कहानी?
सरकारी प्रसारक 'कान' की रिपोर्ट के अनुसार, यह प्रस्ताव अनौपचारिक माध्यमों से आइजनकोट तक पहुंचा दिया गया है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि अनौपचारिक रास्ता इसलिए चुना गया ताकि जरूरत पड़ने पर नेतन्याहू की लिकुड पार्टी इससे पल्ला झाड़ सके। हालांकि, प्रधानमंत्री कार्यालय के अधिकारियों के मुताबिक, खुद नेतन्याहू के करीबी घेरे और लिकुड पार्टी के भीतर इस प्रस्ताव की शर्तों को लेकर एक राय नहीं है।
सत्ता का गणित और आइजनकोट की चुनौती भी समझिए
इस बात को ऐसे समझा जा सकता है कि हालिया चुनाव के नतीजों ने किसी भी गठबंधन को स्पष्ट बहुमत नहीं दिया है, जिससे इजरायल में राजनीतिक अस्थिरता बनी हुई है।
बहुमत का आंकड़ा- इजरायली संसद में सरकार बनाने के लिए 61 सीटों की जरूरत है।
आइजनकोट की स्थिति- चार पार्टियों वाले आइजनकोट के गठबंधन के पास फिलहाल 48 सीटें हैं।
आगे के विकल्प- बहुमत तक पहुंचने के लिए आइजनकोट के पास अरब नेतृत्व वाली पार्टियों, अति-रूढ़िवादी दलों या दोनों के समर्थन से सरकार बनाने का विकल्प मौजूद है।
अब ऐसे में इस बात को समझना ज्यादा मुश्किल नहीं है कि आइजनकोट के पास सरकार बनाने का समय 6 दिसंबर को समाप्त हो रहा है। यदि तब तक बात नहीं बनती है, तो वे राष्ट्रपति से 14 दिनों का अतिरिक्त समय मांग सकते हैं।
क्या यह नेतन्याहू की कोई सियासी चाल है?
अच्छा, मजेदार बात यह भी है कि विपक्षी खेमे में नेतन्याहू के इस कथित प्रस्ताव को लेकर गहरा संदेह है। 'इजरायल बेयटेनु' पार्टी के अध्यक्ष एविग्डोर लिबरमैन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर चेतावनी देते हुए कहा कि नेतन्याहू का यह प्रस्ताव महज एक राजनीतिक चाल हो सकता है, जिसका असली मकसद लिकुड पार्टी के बिना बनने वाली किसी भी संभावित सरकार को पटरी से उतारना है।
दूसरी ओर, आइजनकोट ने अपने सहयोगी दलों लिबरमैन और डेमोक्रेट्स पार्टी के अध्यक्ष यायर गोलान को भरोसा दिलाया है कि वे उनकी सहमति के बिना नेतन्याहू के साथ मिलकर सरकार नहीं बनाएंगे। हालांकि, गठबंधन के भीतर भी दबाव कम नहीं है।
'बयाचाद' पार्टी के अध्यक्ष नफ्ताली बेनेट ने लिकुड के साथ मिलकर एकता सरकार बनाने की वकालत की है। 'चैनल 13' के मुताबिक, यदि नेतन्याहू के साथ बातचीत के सभी रास्ते खत्म किए बिना आइजनकोट सरकार बनाते हैं, तो बेनेट उनके खिलाफ वोट कर सकते हैं।
मैं किसी दिखावे का हिस्सा नहीं बनूंगा- आइजनकोट
हालांकि खुद गादी आइजनकोट भी नेतन्याहू के प्रस्तावों को लेकर आश्वस्त नहीं हैं। शुक्रवार को उन्होंने साफ कहा कि वे एकता सरकार के विकल्प के लिए खुले हैं, लेकिन उन्होंने लिकुड पार्टी पर बातचीत को गंभीरता से न लेने का आरोप लगाया। आइजनकोट के अनुसार, पिछले दो हफ्तों में दोनों दलों की टीमों के बीच महज पांच बैठकें हुई हैं।
आइजनकोट ने लिकुड के सामने अपनी प्रमुख शर्तें और नाराजगी खुलकर रखी है। वे 7 अक्टूबर, 2023 को हमास के हमले में हुई सुरक्षा चूक की जांच के लिए एक राज्य जांच आयोग चाहते हैं, जिस पर लिकुड तैयार नहीं है। आइजनकोट सरकार से चरमपंथी तत्वों को बाहर करना चाहते हैं। इतना ही नहीं सभी नागरिकों के लिए सैन्य या राष्ट्रीय सेवा अनिवार्य करने वाले कानून पर भी चर्चा करना चाहते हैं आइजनकोट।
तो क्या दरवाजे बंद हो गए?
देखिए शुरुआती बात तो यह है कि लिकुड पार्टी के मौजूदा प्रस्ताव को खारिज करते हुए आइजनकोट ने तीखे शब्दों में कहा कि यह वही पुरानी सरकार है, वही पुराने साझेदार हैं न कोई बदलाव है और न ही अनिवार्य सैन्य भर्ती का कानून।
आइजनकोट ने इस बात पर जोर दिया कि मेरा ऐसे किसी दिखावे में सहयोग करने का कोई इरादा नहीं है। हालांकि, उन्होंने यह भी जोड़ा कि यदि लिकुड समझौते और गंभीर साझेदारी के लिए तैयार है, तो उनके दरवाजे अब भी खुले हैं।
भरोसे की कमी सबसे बड़ी दीवार
देखिए वर्तमान में इजरायल की स्थिति की बात करें तो तेल अवीव की मौजूदा राजनीति में असली लड़ाई सिर्फ सीटों की नहीं, बल्कि भरोसे की है। नेतन्याहू का दूसरे नंबर पर प्रधानमंत्री बनने के लिए राजी होना उनके राजनीतिक लचीलेपन को दिखाता है।
हालांकि विपक्षी खेमे में उनके पिछले रिकॉर्ड को लेकर जो अविश्वास है, वह किसी भी 'रोटेशन समझौते' की राह में सबसे बड़ी रुकावट है। आने वाले कुछ दिन तय करेंगे कि इजरायल को एक स्थिर 'एकता सरकार' मिलती है या देश एक बार फिर सियासी भंवर में फंसता है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।