कुर्द तेल क्षेत्रों पर इराक के कब्जे का आदेश, भड़का कुर्दिस्तान; क्या है दशकों पुराना विवाद?
तेल तस्करी रोकने के नाम पर इराक ने कुर्द तेल क्षेत्रों व सीमाओं पर नियंत्रण का आदेश दिया है, जिसे कुर्दिस्तान के प्रधानमंत्री ने असंवैधानिक बताते हुए खारिज कर टकराव बढ़ा दिया है।

इराकी प्रधानमंत्री के आदेश पर विवाद (तस्वीर- PTI)
HighLights
इराकी पीएम ने कुर्दिस्तान सीमा चौकियों, तेल क्षेत्रों पर नियंत्रण का आदेश दिया।
कुर्दिस्तान के पीएम बारजानी ने इस फैसले को 'अस्वीकार्य' बताया।
यह आदेश इराक-कुर्दिस्तान संबंधों में नया तनाव पैदा कर रहा है।
डिजिटल डेस्क, बगदाद। इराक की सरकार और अर्ध-स्वायत्त कुर्दिस्तान क्षेत्र के बीच तनाव एक बार फिर चरम पर पहुंच गया है। इराकी प्रधानमंत्री अली अल-जैदी ने मंगलवार को संघीय अधिकारियों को आदेश दिया कि वे कुर्दिस्तान क्षेत्र की सभी सीमा चौकियों को अपने नियंत्रण में ले लें। इसके साथ ही उन्होंने संघीय तेल मंत्रालय को कई प्रांतों के तेल क्षेत्रों का प्रबंधन संभालने का भी निर्देश दिया है।
समाचार एजेंसी रॉयटर्स के मुताबिक, यह आदेश इराक की सरकारी नॉर्थ ऑयल कंपनी से जुड़े एक कथित तेल-तस्करी नेटवर्क पर चल रही कार्रवाई के बीच आया है। प्रधानमंत्री जैदी ने कुर्दिस्तान को पड़ोसी प्रांतों से जोड़ने वाली अनधिकृत सीमा चौकियों और मौसमी सड़कों को तुरंत बंद करने का आदेश दिया है।
पाइपलाइनों पर भी कड़ी निगरानी के आदेश
इसके अलावा, अवैध तेल व्यापार रोकने के लिए सुरक्षा बलों को तेल क्षेत्रों और पाइपलाइनों की निगरानी कड़ी करने को कहा गया है। जैदी ने कुर्दिस्तान क्षेत्रीय सरकार (KRG) को स्पष्ट निर्देश दिया है कि वह संघीय तेल मंत्रालय की मंजूरी के बिना कच्चे तेल या पेट्रोलियम उत्पादों के निर्यात की अनुमति न दे।
कुर्दिस्तान ने फैसले को बताया अस्वीकार्य
बगदाद के इस एकतरफा फैसले को कुर्दिस्तान क्षेत्र के प्रधानमंत्री मसरूर बारजानी ने सिरे से खारिज कर दिया है। एरबिल में पत्रकारों से बात करते हुए बारजानी ने कहा कि आज जो किया गया है वह वाकई चौंकाने वाला है और किसी भी तरह से स्वीकार्य नहीं है। बारजानी ने आरोप लगाया कि यह कदम हालिया बैठकों में संघीय अधिकारियों द्वारा दिए गए आश्वासनों के बिल्कुल उलट है।
इसके साथ ही बारजानी ने कहा कि हमें अलग-अलग तरह के संदेश मिल रहे हैं। जिन प्रतिनिधिमंडलों से हमारी मुलाकात हुई थी, उन्होंने भरोसा दिलाया था कि लंबित विवादों को बातचीत और संविधान के दायरे में सुलझाया जाएगा। बारजानी ने साफ किया कि उनकी सरकार संवैधानिक फैसलों का सम्मान करेगी, लेकिन किसी भी असंवैधानिक कदम को स्वीकार नहीं करेगी।
मुलाकात के तुरंत बाद भड़का विवाद
गौरतलब है कि यह विवाद ऐसे समय में भड़का है जब हाल ही में 9 नवंबर को बारजानी और जैदी ने बगदाद में मुलाकात की थी। उस बैठक में 2027 के संघीय बजट में हिस्सेदारी, तेल क्षेत्रों के प्रबंधन, राजस्व बंटवारे और सरकारी कर्मचारियों के वेतन जैसे मुद्दों को संवैधानिक तरीके से सुलझाने पर सहमति बनी थी।
आखिर इराकी कुर्दिस्तान के पास अपनी स्वायत्तता क्यों है?
इस बात को ऐसे समझा जा सकता है कि इराक की केंद्र सरकार और कुर्द आबादी के बीच दशकों चले संघर्ष के बाद 1990 के दशक में कुर्दिस्तान की स्वायत्तता ने आकार लेना शुरू किया।
1991 के खाड़ी युद्ध में इराक की हार के बाद उत्तरी इराक में कुर्द समूहों ने तत्कालीन राष्ट्रपति सद्दाम हुसैन के खिलाफ विद्रोह कर दिया था। जवाबी कार्रवाई में हजारों कुर्द परिवारों को घर छोड़ना पड़ा, जिसके बाद अमेरिका, ब्रिटेन और फ्रांस ने कुर्दों की सुरक्षा के लिए उत्तरी इराक में 'नो-फ्लाई जोन' घोषित कर दिया।
2005 के संविधान से मिली कानूनी मान्यता
2003 में सद्दाम हुसैन के पतन के बाद नई राजनीतिक व्यवस्था बनी। इराक के 2005 के संविधान के अनुच्छेद 117 के तहत कुर्दिस्तान को एक संघीय इकाई के रूप में औपचारिक मान्यता दी गई। बात अब कुर्दिस्तान के अधिकार की करें तो इस बात को ऐसे समझिए कि संविधान के अनुच्छेद 121 के तहत क्षेत्रीय सरकार को विधायी, कार्यकारी और न्यायिक शक्तियां मिली हुई हैं।
इसी वजह से कुर्दिस्तान की अपनी संसद, राष्ट्रपति पद, मंत्रालय और 'पेशमर्गा' नाम का आंतरिक सुरक्षा बल है। प्रशासन और आर्थिक मामलों में एरबिल के पास काफी अधिकार हैं, जबकि विदेश नीति, राष्ट्रीय रक्षा, मुद्रा और सीमा शुल्क नीति जैसे राष्ट्रीय मुद्दे बगदाद के नियंत्रण में रहते हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।