विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'सभी मोर्चों पर युद्ध खत्म करे अमेरिका, वरना चौतरफा तबाही मचाएंगे', ईरान ने ट्रंप को चेताया

Published: Mon, 09 Nov 2026 11:14 PM (IST)

ईरान ने अमेरिका को चेतावनी दी है कि यदि वह उसकी शर्तें मानकर युद्ध खत्म नहीं करता, तो उसे गंभीर सैन्य जवाबी कार्रवाई का सामना करना पड़ेगा।

ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची।

ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची।

जागरण न्यूज नेटवर्क, नई दिल्ली: अमेरिका और ईरान के बीच तनाव कम होने के बजाय लगातार बढ़ता जा रहा है। ईरान ने अमेरिका को चेतावनी दी है कि वह उसकी शर्तें मानकर सभी मोर्चों पर युद्ध खत्म करे, अन्यथा उसे गंभीर सैन्य जवाबी कार्रवाई का सामना करना पड़ेगा।

ईरान के विदेश मंत्री सैयद अब्बास अराघची ने रविवार को इंटरनेट मीडिया मंच एक्स पर कहा कि अब फैसला अमेरिका को करना है कि वह बातचीत का रास्ता चुनता है या विनाशकारी युद्ध का।

दो दिवसीय प्रस्ताव पर कायम है ईरान

एएनआइ के अनुसार, अराघची ने कहा कि ईरान का दो दिवसीय प्रस्ताव अब भी कायम है। अमेरिका सभी मोर्चों पर युद्ध खत्म करने की शर्तें स्वीकार करे, इसके परिणाम उसे दिखाई देंगे। अन्यथा ईरानी लड़ाके उसे अपनी सैन्य ताकत दिखाने के लिए तैयार हैं।

ईरान के विदेश मंत्री ने कहा कि अमेरिकी मतदाताओं ने अपना रुख स्पष्ट कर दिया है और अब व्हाइट हाउस को फैसला करना है। राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियान ने भी कहा कि ईरान बातचीत और समझौते के लिए तैयार है, लेकिन किसी दबाव में झुकने वाला नहीं है। कोई भी समझौता न्याय और समानता के आधार पर ही होगा।

ट्रंप बोले- ईरान के 38 पुल निशाने पर

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सीएनएन को दिए फोन इंटरव्यू में कहा कि फिलहाल अमेरिकी सेना को ईरान के साथ संघर्ष में दोबारा भेजे जाने की संभावना बहुत कम है। हालांकि, उन्होंने चेतावनी दी कि अमेरिका ने ईरान के 38 पुलों और कई महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचों की पहचान कर रखी है, जिन्हें जरूरत पड़ने पर नष्ट किया जा सकता है।

ट्रंप के मुताबिक, ऐसा तभी होगा जब ईरान के परमाणु कार्यक्रम और होर्मुज जलडमरूमध्य को खोलने के मुद्दे पर बातचीत में ठोस प्रगति नहीं होगी। उन्होंने कहा कि वह इन ढांचों को नष्ट करने से बचना चाहते हैं, क्योंकि इन्हें दोबारा बनाने में दस साल से अधिक लग सकते हैं।

रूबियो को बातचीत से बड़ी उम्मीद नहीं

अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो ने कहा कि ईरान के साथ राजनयिक प्रयासों से किसी बड़ी सफलता की उम्मीद नहीं है। उन्होंने वार्ता में बाधा के लिए तेहरान की मांगों को जिम्मेदार ठहराया।

हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि बातचीत से विवाद सुलझाने का कोई अवसर मिलता है तो अमेरिका उसका प्रयास करेगा। फ्रांस में जी-7 विदेश मंत्रियों की बैठक के लिए रवाना होने से पहले उन्होंने कहा कि ईरान की परमाणु महत्वाकांक्षा से दुनिया को बचाना जरूरी है।

होर्मुज में टैंकर पर हमले का दावा

इस बीच, ईरानी नौसेना ने दावा किया कि रविवार को होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरने की कोशिश कर रहा एक टैंकर समुद्री बारूदी सुरंग की चपेट में आ गया, जिससे उसमें आग लग गई।

ईरान के मुताबिक, टैंकर ने अपना पहचान तंत्र बंद कर रखा था। दूसरी ओर, अमेरिकी सेंट्रल कमांड ने दावा किया कि ओमान की खाड़ी में नौसैनिक नाकेबंदी तोड़ने की कोशिश कर रहे सेंट किट्स के झंडे वाले व्यापारिक जहाज एमवी हुडा को चेतावनियां नजरअंदाज करने के बाद हमले में निष्क्रिय कर दिया गया।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।