विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अमेरिकी प्रतिबंधों पर ईरान का ठेंगा... चीन में गुप्त तेल टर्मिनल और स्टोरेज पर किया कब्जा; लीक चिट्ठी से खुलासा

Published: Mon, 09 Nov 2026 05:02 PM (GMT+05:30)Updated: Mon, 09 Nov 2026 05:37 PM (GMT+05:30)

ईरान ने अमेरिकी प्रतिबंधों को दरकिनार करते हुए चीन में गुप्त तेल टर्मिनल और भंडारण सुविधाओं पर नियंत्रण कर लिया है। एक लीक गोपनीय चिट्ठी से यह खुलासा हुआ है।

(AI से बनाई गई सांकेतिक तस्वीर)

(AI से बनाई गई सांकेतिक तस्वीर)

HighLights

  1. ईरान ने चीन में गुप्त तेल टर्मिनल और भंडारण पर नियंत्रण किया।

  2. लीक चिट्ठी से अमेरिकी प्रतिबंधों को दरकिनार करने का खुलासा हुआ।

  3. चीन के बंदरगाहों और तेल भंडारों का उपयोग प्रतिबंधित तेल बिक्री के लिए।

डिजिटल डेस्क, तेहरान। वैश्विक राजनीति और ऊर्जा बाजार से बड़ी खबर सामने आ रही है। एक लीक हुई गोपनीय चिट्ठी और सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, ईरान ने अमेरिकी प्रतिबंधों की धज्जियां उड़ाते हुए चीन के कई बंदरगाहों और तेल भंडारों पर अपना नियंत्रण स्थापित कर लिया है।

इसके जरिए ईरान अपने प्रतिबंधित कच्चे तेल की ढुलाई और बिक्री को बिना किसी रोक-टोक के अंजाम दे रहा है। ईरान इंटरनेशनल द्वारा प्राप्त एक गोपनीय पत्र से यह खुलासा हुआ है।

किसने लिखा था यह पत्र?

बता दें कि यह पत्र नेशनल ईरानी ऑयल कंपनी (NIOC) के पूर्व प्रमुख और मौजूदा कार्यवाहक तेल मंत्री हामिद बोवर्ड ने लिखा था। यह पत्र ईरान की सुप्रीम नेशनल सिक्योरिटी काउंसिल के पूर्व सचिव अली शमखानी के संदेश के जवाब में लिखा गया था।

इस चिट्ठी में ईरान की पुरानी नीतियों की आलोचना की गई है और राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियन के कार्यकाल के दौरान चीन के साथ मिलकर बनाए गए इस गुप्त नेटवर्क का पर्दाफाश किया गया है।

चीन में ईरान का सीक्रेट ऑयल नेटवर्क

रिपोर्ट के मुताबिक, ईरान ने चीन के तीन प्रमुख इलाकों में तेल सुविधाओं पर नियंत्रण हासिल कर लिया है।

  • निंगबो-झोउशान फ्री ट्रेड जोन- यहां ईरान ने छोटे ट्रांजिटे सुविधा केंद्र बनाने में मदद के बदले एक टर्मिनल पर नियंत्रण पाया है।
  • शानदोंग प्रांत- यहां किंगदाओ और पेंट के छोटे डॉक्स पर हिस्सेदारी हासिल की गई है, जो सीधे रिफाइनरियों से जुड़े पाइपलाइन के पास हैं ताकि तेल को तुरंत बिना किसी झंझट के पहुंचाया जा सके।
  • तेल भंडारण- ईरान ने चीन में कुल 7 बड़े तेल स्टोरेज टैंक भी खरीदे हैं, जो डालियान, हुईझौ, डोंगयिंग, वेइफांग और झोउशान (आओशान व शुलांग्हू द्वीप) जैसे इलाकों में स्थित हैं।

कौन चला रहा है यह शैडो फ्लीट?

इन सुविधाओं का इस्तेमाल उन जहाजों द्वारा किया जा रहा है जो हुसैन शमखानी से जुड़े हुए हैं और एक गुप्त बेड़ा चलाते हैं। अमेरिकी ट्रेजरी विभाग पहले ही हुसैन शमखानी से जुड़े 51 जहाजों पर प्रतिबंध लगा चुका है।

चीन और ईरान का 'बार्टर' और ट्रेड सीक्रेट

इस बात को ऐसे समझिए कि चीन लंबे समय से ईरान के तेल का सबसे बड़ा खरीदार रहा है। 2025 में ईरान के कुल तेल निर्यात का 80% से ज्यादा हिस्सा अकेले चीन ने खरीदा, जो औसतन 14 लाख बैरल प्रतिदिन था। दोनों देशों ने एक ऐसा सिस्टम बनाया है जिसके तहत पैसे के लेन-देन के बजाय बार्टर जैसी व्यवस्था यानी सामन के बदले सामान काम करती है।

ऐसे में तेल बिक्री का पैसा एक खास स्पेशल-पुरपोज व्हीकल (SPV) के जरिए चीन के सप्लायर्स को दवाओं, वाहनों और उपकरणों के भुगतान के लिए दिया जाता है, जिससे पारंपरिक अंतरराष्ट्रीय बैंकिंग प्रणाली और अमेरिकी पाबंदियों से बचा जा सके।

चीन और ईरान के बीच भी बढ़ रही है तनातनी..

गौरतलब है कि लीक चिट्ठी से यह भी पता चला है कि सब कुछ ठीक नहीं है। बीजिंग अब ईरान पर दबाव बना रहा है। चीन ने ईरानी तेल के लिए रिफाइनरी कोटा बढ़ाने से मना कर दिया है, वेनेजुएला से तेल आयात बढ़ा दिया है और ईरानी तेल पर और भारी छूट की मांग कर रहा है। इसके अलावा, ईरान के अंदरूनी हलकों में भी हुसैन शमखानी द्वारा रूसी तेल ढोने और बिना गारंटी के ईरानी तेल बेचने को लेकर आंतरिक कलह मची हुई है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।