होर्मुज संकट से सबक, तेल और एलपीजी परिवहन के लिए जहाज खरीदेगी IOC
इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन (IOC) पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव और होर्मुज जलडमरूमध्य में बाधाओं के कारण अपनी ऊर्जा आपूर्ति सुरक्षित ...और पढ़ें

इंडियन ऑयल।
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव और होर्मुज जलडमरूमध्य के आसपास समुद्री परिवहन में बाधाओं ने भारत की ऊर्जा आपूर्ति को लेकर चिंता बढ़ा दी है। होर्मुज संकट से सबक लेते हुए देश की सरकारी तेल कंपनी इंडियन ऑयल कारपोरेशन (आईओसी) कच्चे तेल और रसोई गैस (एलपीजी) की आपूर्ति सुरक्षित रखने तथा महंगे समुद्री मालभाड़े से बचने के लिए तेल और एलपीजी टैंकर खरीदने की तैयारी कर रही है।
कंपनी के निदेशक मंडल ने कुछ जहाजों को खरीदने की मंजूरी पहले ही दे दी है और इसके लिए कई महीने पहले निविदाएं भी जारी की जा चुकी हैं। कंपनी घरेलू स्तर पर जहाज निर्माण की संभावनाएं भी तलाश रही है।
आईओसी के निदेशक अनुज जैन ने दूसरी तिमाही के नतीजों संबंधी बातचीत में बताया कि कंपनी तीन विकल्पों पर काम कर रही है। इनमें मौजूदा व्यवस्था को बेहतर बनाना, अपने जहाज खरीदना और 'मेक इन इंडिया' के तहत देश में जहाजों का निर्माण कराना।
फिलहाल आइओसी के पास टाइम चार्टर पर कच्चे तेल के तीन टैंकर और नौ एलपीजी जहाज हैं। कच्चे तेल की ढुलाई पर टाइम चार्टर के तहत 2 से 2.50 डालर प्रति बैरल खर्च आता है, जबकि खुले बाजार में यह 8 से 10 डालर तक पहुंच गया है।
इसी तरह एलपीजी का सामान्य मालभाड़ा करीब 40 डालर प्रति टन से बढ़कर 160-180 डालर प्रति टन हो गया है। टाइम चार्टर शिपिंग उद्योग में व्यावसायिक व्यवस्था है, जिसके तहत तेल या गैस कंपनी जहाज के मालिक से निश्चित अवधि के लिए पोत किराये पर लेती है।
रूस से 55 प्रतिशत तेल खरीद
चालू वित्त वर्ष की पहली छमाही में आइओसी की कुल कच्चे तेल की खरीद में रूस की हिस्सेदारी 55 प्रतिशत रही। पश्चिम एशिया से 24 प्रतिशत, अफ्रीका से 10 प्रतिशत, ब्राजील से सात प्रतिशत और अमेरिका से 2-5 प्रतिशत तेल खरीदा गया। वेनेजुएला की हिस्सेदारी 3-4 प्रतिशत रही। कंपनी ने खुले बाजार से खरीद भी बढ़ाई है।
वित्त वर्ष 2026-27 की पहली छमाही में स्पाट खरीद कुल आयात का करीब 87 प्रतिशत रही, जबकि पिछले वित्त वर्ष में यह लगभग 50 प्रतिशत थी। स्पाट बाइंग का मतलब है किसी सामान की तुरंत जरूरत पड़ने पर उसे आन-द-स्पाट (उसी समय) बाजार भाव पर खरीदना।
जैन के मुताबिक, फरवरी में भारतीय बास्केट का कच्चा तेल 65-70 डालर प्रति बैरल था, जो पहली तिमाही के अधिकांश समय 100 डालर से ऊपर रहा और अक्टूबर में औसतन करीब 120 डालर प्रति बैरल पहुंच गया।
आईओसी ने कच्चे तेल का भंडार बढ़ाकर करीब 39 दिन कर लिया, जबकि सामान्यतः यह 33-35 दिन रहता है। कंपनी ने 20 दिन का एलपीजी और 23-25 दिन का पेट्रोल-डीजल भंडार रखा। सितंबर तिमाही में आईओसी ने 21,630 करोड़ रुपये का शुद्ध मुनाफा दर्ज किया, जबकि पिछली तिमाही में उसे 2,661 करोड़ रुपये का घाटा हुआ था।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।