दक्षिणी सूडान में तैनात भारतीय शांतिरक्षकों को मिला विशेष यूएन सम्मान
दक्षिणी सूडान में संयुक्त राष्ट्र (यूएन) शांति मिशन के तहत तैनात 150 भारतीय शांतिरक्षकों को यूएन ने विशेष सम्मान से नवाजा है।
संयुक्त राष्ट्र, प्रेट्र। दक्षिणी सूडान में संयुक्त राष्ट्र (यूएन) शांति मिशन के तहत तैनात 150 भारतीय शांतिरक्षकों को यूएन ने विशेष सम्मान से नवाजा है। उन्हें यह सम्मान समर्पित सेवा और बलिदान के लिए दिया गया है। यूएन मिशन ने सोमवार को एक ट्वीट में इसकी जानकारी दी।
इस सम्मान के तहत दक्षिणी सूडान के मालाकल में 150 भारतीय शांतिरक्षकों को विशेष मेडल प्रदान किए गए। इस देश में संयुक्त राष्ट्र की ओर से भेजे गए भारतीय सुरक्षाबल कई सामुदायिक कार्यो में जुटे हैं। इनमें पशुपालन के जरिये स्थानीय लोगों के जीवन स्तर को सुधारने की कोशिश भी शामिल है।
भारतीय शांतिरक्षकों ने इसके लिए एक पशु चिकित्सालय भी खोला है। भारतीय शांतिरक्षक दल की अगुआई कर रहे कर्नल अमित गुप्ता ने अपने दल के कार्यो को पहचान मिलने पर खुशी जताई है। वर्तमान में 2400 जवानों के साथ भारत संयुक्त राष्ट्र मिशन के अंतर्गत योगदान करने वाला विश्व का दूसरा बड़ा देश है। पिछले 70 वर्षो से भारत दो लाख से भी ज्यादा सैनिकों को विभिन्न यूएन मिशन पर भेज चुका है। इनमें 168 भारतीय शहीद हो गए।