Watch: भारतीय कार्गो जहाज पर हुए हमले का वीडियो आया सामने, आग और धुएं की चपेट में शिप
लाल सागर में भारतीय ध्वज वाले व्यापारिक जहाज 'एमएसवी फैज नूर औलिया' पर हमला हुआ, जिससे जहाज डूब गया।
HighLights
भारतीय व्यापारिक जहाज 'एमएसवी फैज नूर औलिया' पर हमला।
लाल सागर में जहाज डूबने का वीडियो आया सामने।
13 भारतीयों सहित सभी 14 नाविक सुरक्षित बचाए गए।
जागरण न्यूज नेटवर्क, सना। लाल सागर में तनाव बढ़ने के बाद पहली बार किसी भारतीय ध्वज वाले व्यापारिक जहाज पर हमला हुआ है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, मंगलवार देर रात यमन के पश्चिमी तट के पास हुए प्रोजेक्टाइल हमले में जहाज को भारी नुकसान पहुंचा और ये समुद्र में डूब गया।
हालांकि, कुछ मीडिया रिपोर्ट में जहाज पर विस्फोटक लदी नाव से हमला किए जाने की भी खबरें हैं। जहाज पर सवार 13 भारतीयों समेत 14 नाविक सवार थे, जिन्हें यमन के तट रक्षक बल ने सुरक्षित बचा लिया।
माना जा रहा है कि इसके पीछे हाउती विद्रोहियों का हाथ है, हालांकि उनकी ओर से अब तक कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। इस घटना का वीडियो भी अब सामने आया है।
विदेश मंत्रालय ने की हमले की निंदा
भारतीय विदेश मंत्रालय ने इस हमले की कड़ी निंदा की है और नाविकों को बचाने में तत्परता दिखाने पर यमन सरकार का आभार भी व्यक्त किया। वहीं, केंद्रीय जहाजरानी मंत्रालय ने नाविकों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है।
आइएएनएस के अनुसार, यमन की मान्यता प्राप्त सरकार से जुड़े नेशनल रेजिस्टेंट फोर्सेज (एनआरएफ) ने बताया कि एमएसवी फैज नूर औलिया नामक जहाज पर हमला हाउती के कब्जे वाले होदैदाह बंदरगाह से करीब 13 नॉटिकल मील दूर हुआ।
इसके बाद तारेक सालेह के नेतृत्व में कोस्ट गार्ड और नौसेना ने संयुक्त राहत एवं बचाव अभियान चलाकर सभी नाविकों को सुरक्षित बाहर निकाला और मोखा बंदरगाह पहुंचाया।
प्रेट्र के अनुसार, भारत सरकार ने इस हमले की कड़ी निंदा की है। विदेश मंत्रालय ने कहा कि लाल सागर में व्यापारिक जहाजों को निशाना बनाना तुरंत बंद होना चाहिए और अंतरराष्ट्रीय कानूनों के अनुरूप समुद्री व्यापार एवं आवाजाही निर्बाध रूप से बहाल की जानी चाहिए।
मंत्रालय ने बताया कि सऊदी अरब स्थित भारतीय दूतावास हालात की निगरानी कर रहा है और यमन के अधिकारियों के साथ नाविकों की सुरक्षा और देखभाल के लिए समन्वय कर रहा है। यमन सरकार की त्वरित कार्रवाई पर मंत्रालय ने आभार भी व्यक्त किया है।
हमला किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं
एएनआइ के अनुसार, केंद्रीय बंदरगाह, जहाजरानी एवं जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने कहा कि निहत्थे व्यापारिक जहाज पर बिना उकसावे के प्रोजेक्टाइल से हमला किया गया। ये किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है।
सर्बानंद सोनोवाल ने बताया कि सभी 14 नाविक सुरक्षित हैं और डायरेक्टर जनरल मैरिटाइम एडमिनिस्ट्रेशन (डीजीएमए) को सभी संबंधित एजेंसियों के साथ समन्वय कर भारतीय नाविकों की सुरक्षा और आवश्यक सहायता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
गौरतलब है कि पिछले महीने भी हाउती विद्रोहियों ने सऊदी अरब के दो तेल टैंकरों पर हमला किया था। लाल सागर और बाब-अल-मंदेब जलडमरूमध्य में लगातार बढ़ते हमलों ने अंतरराष्ट्रीय समुद्री व्यापार और जहाजरानी की सुरक्षा को लेकर चिंता और गहरा दी है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।