विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'12000 फीट की ऊंचाई पर खुला दरवाजा', बांग्लादेश में भारतीय एयर एम्बुलेंस की इमरजेंसी लैंडिंग; मरीज की मौत

Published: Mon, 19 Oct 2026 12:54 PM (IST)

अगरतला से कोलकाता जा रही एक भारतीय एयर एम्बुलेंस में तकनीकी खराबी के बाद बांग्लादेश के ढाका में इमरजेंसी लैंडिंग करनी पड़ी।

एयर एम्बुलेंस। (प्रतीकात्मक तस्वीर: ANI)

एयर एम्बुलेंस। (प्रतीकात्मक तस्वीर: ANI)

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

डिजिटल डेस्क, ढाका। अगरतला से कोलकाता जा रही एक भारतीय एयर एम्बुलेंस में हवा में अचानक तकनीकी खराबी आ गई, जिसके बाद विमान को बांग्लादेश की राजधानी ढाका में इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी।

विमान में सवार 56 वर्षीय महिला मरीज को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। विमान में सवार अन्य सभी 6 लोग पूरी तरह सुरक्षित हैं।

यह घटना रविवार को बीचक्राफ्ट किंग एयर C90A विमान के साथ हुई। जब विमान 12000 फीट की ऊंचाई पर था, तभी तकनीकी खराबी के कारण उसका दरवाजा हवा में ही आंशिक रूप से खुल गया।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पायलट ने ढाका के हजरत शाहजलाल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सुरक्षित इमरजेंसी लैंडिंग की अनुमति मांगी।

विमान में सवार थे कुल 7 लोग

विमान दोपहर करीब 1:40 बजे ढाका हवाई अड्डे पर सुरक्षित उतरा। इस एयर एम्बुलेंस में दो पायलट, एक डॉक्टर, एक पैरामेडिक, मरीज और उनके दो तीमारदार समेत कुल सात लोग सवार थे।

लैंडिंग के तुरंत बाद गंभीर रूप से बीमार मरीज अंजना भौमिक को कुर्मितोला स्पेशलाइज्ड अस्पताल ले जाया गया, जहां शाम 4:40 बजे डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

महिला की मौत तकनीकी खराबी से उपजी स्थिति के कारण हुई या उनकी गंभीर बीमारी की वजह से, इसकी जांच की जा रही है।

बांग्लादेश ने दी लैंडिंग की अनुमति

बांग्लादेशी अधिकारियों ने अंतरराष्ट्रीय लैंडिंग की पूर्व अनुमति न होने के बावजूद मानवीय आधार पर तुरंत विमान को उतरने की मंजूरी दी और हरसंभव मदद पहुंचाई।

घटना के बाद ढाका स्थित भारतीय उच्चायोग ने जरूरी राजनयिक औपचारिकताओं को पूरा करने के लिए बांग्लादेशी अधिकारियों के साथ बात किया। यह एयर एम्बुलेंस भारत की एसकेबी इन्फ्राकॉन प्राइवेट लिमिटेड द्वारा संचालित की जाती है।

यह भी पढ़ें- बांग्लादेश में मंत्री ने पिस्तौल लेकर संदिग्ध ड्रग्स अड्डे पर मारा छापा, छिड़ी बहस

यह भी पढ़ें- 'भारत में बांग्लादेश-फ्रांस जैसी हिंसा की थी योजना', किरेन रिजिजू ने विपक्ष पर साधा निशाना