बांग्लादेश में मंत्री ने पिस्तौल लेकर संदिग्ध ड्रग्स अड्डे पर मारा छापा, छिड़ी बहस
बांग्लादेश की राजधानी ढाका में एक मंत्री ने पिस्तौल के साथ संदिग्ध ड्रग्स अड्डे पर छापा मारा, जिसका वीडियो वायरल होने के बाद उनकी कार्रवाई पर बहस छिड़ गई।
HighLights
मंत्री ने पिस्तौल के साथ ड्रग्स अड्डे पर छापा मारा।
घटना का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल हो गया।
मंत्री की कार्रवाई पर सार्वजनिक बहस छिड़ गई।
डिजिटल डेस्क, ढाका। बांग्लादेश की राजधानी ढाका में एक मंत्री ने शनिवार को पिस्तौल लेकर अपने सहयोगियों के साथ झुग्गी बस्ती में संदिग्ध ड्रग्स अड्डे पर छापा मारा। घटना का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर सामने आने के बाद मंत्री की कार्रवाई को लेकर बहस छिड़ गई।
राज्य मंत्री इशराक हुसैन ने वीडियो साझा किया, जिसमें वह एक हाथ में फोन और दूसरे में पिस्तौल लेकर वाहन से उतरते और कुछ लोगों का पीछा करते दिखाई दिए। उनके एक सहयोगी के पास भी हथियार था।
पुलिस के अनुसार, मंत्री ने छापे की पूर्व सूचना नहीं दी थी। उन्होंने छह लोगों को पकड़कर स्थानीय पुलिस के हवाले किया।
गांडारिया थाने के प्रभारी मोनिरुज्जमान मोनिर ने बताया कि पकड़े गए लोगों के पास से कुछ पाउडर मिला है, जिसकी जांच कर यह पता लगाया जाएगा कि वह मादक पदार्थ है या नहीं।
मंत्री ने वीडियो के साथ दावा किया था कि उन्होंने ड्रग्स अड्डों को ध्वस्त कर आरोपितों को पुलिस के हवाले किया है। हालांकि, इंटरनेट मीडिया पर आलोचना के बाद वीडियो हटा दिया गया। कई लोगों ने सवाल उठाया कि क्या किसी मंत्री के लिए इस तरह हथियार लेकर छापा मारना उचित है।
