'अस्वीकार्य', काला सागर में रूसी हमले में घायल हुए भारतीय नाविक को लेकर भारत की तीखी प्रतिक्रिया
काला सागर में तुर्की के एक सिविलियन कार्गो जहाज पर रूसी ड्रोन हमले में एक भारतीय नाविक घायल हो गया, ...और पढ़ें
-1791259300408_m.webp)
काला सागर में जहाज पर रूसी हमले में भारतीय घायल।
HighLights
काला सागर में रूसी ड्रोन हमले से तुर्की कार्गो जहाज प्रभावित।
हमले में तीन भारतीय नाविकों में से एक घायल, दूतावास सक्रिय।
भारत ने नागरिक जहाजों पर हमले को 'अस्वीकार्य' बताया, कूटनीति पर जोर।
डिजिटल डेस्क, कीव। रोमानिया की समुद्री सीमा के बाहर काला सागर में तुर्की के एक सिविलियन कार्गो जहाज पर रूसी ड्रोन हमले में कम से कम दो क्रू मेंबर मारे गए और एक भारतीय समेत कुछ अन्य लोग घायल हो गए। मामले को लेकर भारत की प्रतिक्रिया सामने आई है।
रोमानिया में भारतीय दूतावास ने एक्स पर एक पोस्ट में बताया कि क्रू मेंबर में तीन भारतीय नागरिक शामिल थे और ड्रोन हमले के कारण जहाज में आग लगने के बाद उनमें से एक घायल हो गया है और उसका इलाज चल रहा है।
भारतीय दूतावास ने क्या कहा?
पोस्ट में लिखा गया, "हमें आज ब्लैक सी में कमर्शियल जहाज MV ROYAD MAMMADOV पर हुए हमले के बारे में पता चला है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, इसमें दो लोगों (विदेशी नागरिकों) की मौत हुई है, जबकि कुछ क्रू मेंबर घायल हुए हैं और रोमानिया में उनका इलाज चल रहा है। साथ ही यह भी बताया गया है कि क्रू मेंबर में तीन भारतीय नागरिक भी शामिल हैं।"
पोस्ट में आगे कहा गया, "मिशन भारतीय नागरिकों की सुरक्षा और भलाई के बारे में और जानकारी हासिल करने के लिए संबंधित अधिकारियों के साथ लगातार संपर्क में है।"
'भारतीय नागरिकों की सेहत ठीक'
दूतावास ने कहा कि भारतीय राजदूत मनोज महापात्रा ने कार्गो जहाज पर मौजूद भारतीय नागरिकों से बात की और पुष्टि की कि तीनों की सेहत ठीक है। मिशन ने कहा, "राजदूत मनोज महापात्रा ने कॉन्स्टैंटा काउंटी अस्पताल में इलाज करा रहे तीन भारतीय नागरिकों से बात की। उन्होंने अस्पताल के मुख्य डॉक्टर से भी बात की, जिन्होंने पुष्टि की कि तीनों की सेहत अच्छी है। राजदूत ने उन्हें हर संभव मदद और सहयोग का भरोसा दिलाया।"
मिशन ने कहा कि वह घायल नाविक का हाल-चाल जानने के लिए अस्पताल के अधिकारियों के संपर्क में है और भारतीय क्रू सदस्यों की भलाई और सेहत के लिए हर संभव मदद दे रहा है।
रूसी हमले पर भारत ने क्या कहा?
भारत ने कार्गो जहाज पर रूसी हमले की खबरों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा है कि यह आक्रामकता पूरी तरह से अस्वीकार्य है। विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने कहा कि भारत ने सिर्फ वकालत करने से आगे बढ़कर हाल के महीनों में कीव और मॉस्को दोनों के साथ बातचीत करके यूक्रेन संकट को सुलझाने की अपनी कोशिशें तेज कर दी हैं।
जयशंकर ने कहा, "काला सागर से लेकर खाड़ी क्षेत्र तक आम नागरिकों के जहाजों पर हमला पूरी तरह से अस्वीकार्य है। यूएन में गतिरोध बना हुआ है और कुछ देश इसके सुधारों का विरोध कर रहे हैं। हमारा मानना है कि रूस-यूक्रेन विवाद को सुलझाने का रास्ता बातचीत और कूटनीति ही है।"
जेलेंस्की ने क्या कहा?
मारे गए लोगों की राष्ट्रीयता के बारे में अभी तुरंत पता नहीं चल पाया है। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की के अनुसार, जब रूसी हमला हुआ तो जहाज पर अजरबैजानी और भारतीय नागरिक सवार थे।
हमले के बाद उन्होंने कहा, "फिलहाल, दुर्भाग्य से हमें पता चला है कि जहाज के कप्तान की मौत हो गई है। मेरी संवेदनाएं। एक और व्यक्ति का क्या हुआ, इसका अभी पता लगाया जा रहा है।" जेलेंस्की ने आगे कहा कि क्रू के 11 सदस्यों को बचाया गया, जिनमें से एक घायल है।
उन्होंने आगे कहा कि यूक्रेन ने बार-बार स्थिति को शांत करने और काला सागर में सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ठोस कदम उठाने का प्रस्ताव दिया है। उन्होंने पोस्ट किया, "ग्लोबल फूड सिक्योरिटी को बहाल करने के लिए दबाव की जरूरत है और जो कोई भी इसमें सचमुच दिलचस्पी रखता है, उसे मदद करनी चाहिए।"
