विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'भीड़-भाड़ वाली जगहों पर ना जाएं', इटली में हिंसक विरोध-प्रदर्शनों के बीच भारतीय नागरिकों के लिए एडवाइजरी

Published: Mon, 19 Oct 2026 08:51 PM (IST)

इटली के मिलान शहर में बढ़ती महंगाई के खिलाफ हिंसक विरोध-प्रदर्शनों के बाद, भारत ने अपने नागरिकों के लिए एडवाइजरी जारी की है।

इटली में विरोध-प्रदर्शन के बीच भारत ने अपने नागरिकों के लिए एडवाइजरी जारी की

इटली में विरोध-प्रदर्शन के बीच भारत ने अपने नागरिकों के लिए एडवाइजरी जारी की

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। इटली के मिलान शहर में बढ़ती महंगाई के खिलाफ हो रहे विरोध-प्रदर्शनों के हिंसक रूप लेने के बाद, भारत ने सोमवार को वहां रह रहे अपने नागरिकों के लिए एक एडवाइजरी जारी की है।

इटली में भारतीय दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट के जरिए भारतीय नागरिकों को सतर्क रहने, भीड़-भाड़ वाली जगहों से दूर रहने और उन इलाकों में न जाने की सलाह दी है जहां विरोध-प्रदर्शन हो रहे हैं।

भारत ने अपने नागरिकों के लिए एडवाइजरी जारी की

दूतावास ने कहा, 'पिछले हफ्ते इटली के कुछ शहरों में विरोध-प्रदर्शन हुए थे। हम भारतीय नागरिकों को सलाह देते हैं कि वे सतर्क रहें, भीड़-भाड़ वाली जगहों और विरोध-प्रदर्शन वाले इलाकों से दूर रहें और ऐसी घटनाओं के बारे में स्थानीय समाचारों पर नजर रखें।'

इसने रोम में भारतीय दूतावास और मिलान में भारत के महावाणिज्य दूतावास के लिए आपातकालीन हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए हैं। इसमें कहा गया है किसी भी आपात स्थिति में भारतीय नागरिक इनसे संपर्क कर सकते हैं।

रोम में भारतीय दूतावास: +39 331 614 2085
मिलान में भारत का महावाणिज्य दूतावास: +39 3881647527

भीड़-भाड़ वाली जगहों से दूर रहने की सलाह

यह कदम मिलान में 5000 से अधिक लोगों के इकट्ठा होने के बाद उठाया गया है। प्रदर्शनकारियों द्वारा पुलिसकर्मियों पर पत्थर, कूड़ेदान और कुर्सियां फेंके जाने के बाद, पुलिस ने आंसू गैस और पानी की बौछारों का इस्तेमाल किया। इस बीच, इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी सोमवार को एक आपातकालीन सुरक्षा बैठक करने वाली हैं।

शनिवार को मेलोनी ने कहा, 'प्रदर्शन करना एक अधिकार है, लेकिन हमारे शहरों को बर्बाद करना नहीं। उन्होंने आगे कहा कि उपद्रवियों ने प्रदर्शनों का फायदा उठाकर 'अराजकता' फैलाई है।

फ्रांस, स्पेन और अल्बानिया सहित अन्य यूरोपीय देशों में भी, युवाओं के नेतृत्व वाले ज्यादातर शांतिपूर्ण प्रदर्शनों के दौरान दंगे और हिंसा देखने को मिली है।'

यह भी पढ़ें- प्रदर्शनकारियों की पुलिस से झड़प, टूटी खिड़कियां और अफरा-तफरी... इटली के मिलान में नकाबपोशों ने मचाई तबाही

यह भी पढ़ें- 'प्रदर्शन करना अधिकार, शहरों को आग के हवाले करना नहीं', इटली की PM जॉर्जिया मेलोनी ने हिंसक प्रदर्शनों की कड़ी निंदा की