पांच साल के अभियान के बाद चेक रिपब्लिक में बाघों के मांस का अवैध कारोबार का खुलासा
चेक रिपब्लिक में बाघों के अवैध कारोबार का सनसनीखेज खुलासा हुआ है।
प्राग, जेएनएन। चेक रिपब्लिक में बाघों के अवैध कारोबार का सनसनीखेज खुलासा हुआ है। अवैध तरीके से चल रहे बाघों के फार्महाउस में बाघों और अन्य बड़ी बिल्ल्यिों को काटा गया। उनके मांस के छोटे-छोटे टुकड़े किए गए, फिर उनको उबाला गया। फिर घनाकार बंद पैकेट में उसे एशिया में 1,500 प्रति औंस के हिसाब से बेचा गया।
राजधानी प्राग में जब पुलिस कर्मियों ने छापा मारा तो ताजा मारे गए बाघ और एक खुला हुआ फ्रीजर मिला जो कई प्रकार के मांस के अवशेषों से भरा हुआ था। उन्हें घर में मांस और हड्डियों से भरा एक बड़ा खाना पकाने वाला बर्तन मिला, जबकि घर में छिपा कर रखी गई मूल्यवान खाल भी मिली।
जांचकर्ताओं का कहना है कि पहले बाघों को मारा गया, उनके टुकड़े किए गए और फिर उनको पकाया गया। पूछताछ में पता चला कि बाघों की हडि्डयों को घनाकार बॉक्स में बंद किया गया था। उनकी कीमत 52 पाउंड प्रति ग्राम है जो 1472 प्रति औंस के बराबर है। बाघों के पंजे की कीमत 90 पाउंड और खाल की कीमत 3,500 पाउंड है।
गार्जियन के मुताबिक, पांच साल की जांच के बाद छापे मारने वाले अधिकारियों ने पाया कि बाघों के मांस और हडि्डयों से बनने वाली पारंपरिक दवा की मांग वियतनामी आबादी के बीच है। यह मांग चेक-वियतनामी समुदाय से आई थी। यह श्रमिकों की आबादी चेकोस्लाविया के कम्युनिस्ट युग के दौरान दक्षिण पूर्व एशियाई देश से आई थी। सीमा शुल्क निदेशालय के अधिकारी रॉबर्ट स्लाचा ने बताया कि हम लोगों द्वारा खोजे गए बाघ की आंखों और गर्दन में गोली मारी गई थी, ताकि उसकी त्वचा बरकरार रहे और उसको अवैध बाजार में बेचा जा सके। हमारी जानकारी के मुताबिक, बाघ के मांस को पकाने में पांच से बारह दिन लगते हैं। बाघों के सभी हिस्सों जिसमें खाल, दांत या पंजे शामिल थे, का उपयोग वाणिज्यिक उद्देश्यों के लिए किया जाता है।
जांचकर्ताओं ने कहा कि उन्होंने 2013 में इस मामले में साक्ष्य को खोजा था जब एक वियतनामी शख्स के वाहन में बाघ की हड्डियां पकड़ी गई थीं। इन हडि्डयों को स्लोवाकिया की प्रजनन इकाई से हासिल किया गया था। इसके अलावा बाघों से जुड़े कुछ उत्पाद चेक गणराज्य से आए थे। वह शख्स बाघों और शेरों की नस्ल के लिए एक सर्कस परिवार का सदस्य बन गया था।
जांचकर्ताओं ने बताया कि वह उन्हें एक चर्म प्रशाधक घर में ले गया, जिसके साथ एक और संदिग्ध व्यक्ति था। यहां वह बाघों को काटता था और उन्हें खाने वाले बर्तन में पकाता था। अवैध तरीके से हत्या और संरक्षित प्रजातियों का व्यापार के मामले में तीन लोगों को आरोपी बनाया गया है।