विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यूरोपीय संघ में शामिल नहीं होना चाहती आइसलैंड की जनता, ठुकराया प्रस्ताव; सरकार के सामने सुरक्षा कैसे बनी चुनौती?

Published: Sun, 30 Aug 2026 11:08 PM (IST)

आइसलैंड की जनता ने यूरोपीय संघ में शामिल होने के सरकार के प्रस्ताव को जनमत संग्रह में खारिज कर दिया है। मतदाताओं ने मछली पकड़ने के अधिकार, सस्ते रहन-सहन और संप्रभुता से समझौता न करने की इच्छा जताई।

सांकेतिक तस्वीर।

सांकेतिक तस्वीर।

डिजिटल डेस्क, रेजेविक। यूरोपीय देश आइसलैंड की जनता ने यूरोपीय संघ (ईयू) में शामिल होने के सरकार के प्रस्ताव को खारिज कर दिया है। रविवार को इस प्रस्ताव पर हुए जनमत संग्रह में ईयू में शामिल होने के पक्ष में 47.2 प्रतिशत मतदाताओं ने मत व्यक्त किया। 

दूसरी ओर विरोध में 52.8 प्रतिशत मतदाताओं ने राय जाहिर की। चार लाख की आबादी वाले देश में दो लाख पैंसठ हजार मतदाता हैं, जिनमें से 82.5 प्रतिशत लोगों ने जनमत संग्रह में हिस्सा लिया था।

ईयू के लिए कैसे झटका है लोगों का यह फैसला?

आइसलैंड अमेरिका के नेतृत्व वाले सैन्य संगठन नाटो का सदस्य है, लेकिन ईयू का सदस्य नहीं है। आइसलैंड के लोगों के इस फैसले को सरकार और ईयू के लिए झटका माना जा रहा है।

सरकार के लिए चुनौती क्या?

इस बात को ऐसे समझिए कि नजदीक स्थित ग्रीनलैंड पर कब्जे को लेकर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बार-बार के बयानों से आइसलैंड की सुरक्षा के लिए भी चिंता पैदा हो गई है। ट्रंप अपने बयानों में कई बार आइसलैंड का भी जिक्र कर चुके हैं। ऐसे में सरकार का मानना था कि वह ईयू में शामिल होकर अपनी सुरक्षा चिंताओं को कम कर सकती है।

सरकार ने जनता से मांगी थी राय

इसके लिए ही ईयू से वार्ता शुरू करने के लिए सरकार से जनता की राय मांगी थी। लेकिन देशवासियों ने समुद्र में मछली पकड़ने के अधिकार, सस्ते रहन-सहन और संप्रभुता के साथ किसी तरह का समझौता न करने की इच्छा जता दी है। विदित हो कि ईयू के सदस्यों को तमाम सुविधाओं के साथ ही अपने संसाधनों की अन्य सदस्य देशों के साथ साझेदारी करनी होती है।

2009 में शुरू हुई थी वार्ता

आइसलैंड ने इससे पहले 2009 में भी ईयू में शामिल होने के लिए वार्ता शुरू की थी लेकिन आर्थिक संकट के बीच 2013 में इस वार्ता को रोक दिया गया था। ईयू में शामिल होने के प्रस्ताव के विरोधी विपक्ष के नेता गुडरन हैफ्सटीनडोटीर ने कहा है कि हमारी ऐसी कोई समस्या नहीं है जिसका समाधान ईयू कर सकेगा। इसलिए उससे अलग रहना ही उचित है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।