बांग्लादेश में हिंदू टीचर की पीट-पीटकर हत्या, जमीन विवाद सुलझाने के दौरान हुई वारदात
बांग्लादेश के दिनाजपुर में जमीन विवाद सुलझाने के दौरान 55 वर्षीय हिंदू शिक्षक मनोरंजन रॉय की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई।

तस्वीर का इस्तेमाल प्रस्तुतिकरण के लिए किया गया है। (एआई द्वारा निर्मित फोटो।)
HighLights
दिनाजपुर में जमीन विवाद पर हिंदू शिक्षक की हत्या।
मनोरंजन रॉय की मध्यस्थता बैठक में पीट-पीटकर हत्या।
हिंदू संगठन ने दोषियों की गिरफ्तारी और मुआवजे की मांग की।
डिजिटल डेस्क, ढाका। बांग्लादेश के दिनाजपुर जिले में जमीन विवाद को लेकर हुई एक मध्यस्थता बैठक के दौरान 55 वर्षीय एक हिंदू शिक्षक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई।
पुलिस ने बताया कि रविवार को बैठक के दौरान तनाव बढ़ने पर मनोरंजन रॉय ने पक्षों के बीच मध्यस्थता करने और हालात को शांत करने की कोशिश की। इसी दौरान उनकी हत्या की गई।
हिंदू संगठन ने की हत्या की निंदा
अल्पसंख्यक समुदाय का प्रतिनिधित्व करने वाले संगठन बांग्लादेश हिंदू सम्मेलन संघ ने सोमवार को एक बयान जारी कर इस हत्या की निंदा की। संगठन के महासचिव एम.के. रॉय ने कहा कि यह केवल एक आपराधिक कृत्य नहीं है, बल्कि कानून के शासन, मानवता और एक धर्मनिरपेक्ष बांग्लादेश की भावना पर भी हमला है।
संघ ने इस घटना में शामिल सभी लोगों की तुरंत गिरफ्तारी और उन्हें कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग की। साथ ही पीड़ित परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने और उन्हें उचित मुआवजा देने की भी अपील की।
संगठन की मांग
संगठन ने सरकार से आग्रह किया कि वह पूरे देश में हिंदुओं की जमीन पर अवैध कब्जे और उनके उत्पीड़न को रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाए और उनके जीवन तथा संपत्ति की सुरक्षा सुनिश्चित करे।
यह भी पढ़ें: 'सरकार इजाजत दे तो हम भी क्रासफायर के लिए तैयार', बोले बंग्लादेश पुलिस प्रमुख
