मुस्लिमों के लिए इफ्तार आयोजित कर रहा है दुबई का गुरुद्वारा
दुनिया को यह दिखाने के लिए हम सभी एक हैं यही सबसे अच्छा जरिया है। चाहे आप हिंदू मुस्लिम या ईसाई हों इसका कोई मतलब नहीं है। बस आप एक मनुष्य हैं।
दुबई, रायटर। दुबई में एक गुरुद्वारा ने रमजान के दौरान मुस्लिमों के लिए अपना दरवाजा खोल दिया है। गुरुद्वारा में मुफ्त रोजा इफ्तार और नमाज अदा करने की सुविधा दी जा रही है।
गुरु नानक दरबार गुरुद्वारा सिख धर्म के बुनियादी सिद्धांत का पालन कर रहा है। दुनिया भर के गुरुद्वारे में मुफ्त भोजन मुहैया कराया जाता है जिसे लंगर के नाम से जाना जाता है। यहां पूरे वर्ष हर रोज यह सेवा दी जाती है।
गुरुद्वारा के उपप्रधान बुब्बलेस कांधारी ने कहा, 'दुनिया को यह दिखाने के लिए हम सभी एक हैं यही सबसे अच्छा जरिया है। चाहे आप हिंदू, मुस्लिम या ईसाई हों इसका कोई मतलब नहीं है। बस आप एक मनुष्य हैं।'
पिछले वर्षो में गुरुद्वारा में मुस्लिमों को रमजान के दौरान सिर्फ एक दिन इफ्तार की सुविधा दी जाती थी। लेकिन 2019 को संयुक्त अरब अमीरात सरकार द्वारा सहिष्णुता का वर्ष करार दिया गया है। इसी बात को ध्यान में रखते हुए गुरुद्वारा मुस्लिमों के लिए हर शाम इफ्तार का आयोजन किया जा रहा है।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप