विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'अगले 3 साल में इंसानों का खेल खत्म कर देगा एआई', नोबेल विजेता हिंटन की AI को लेकर चेतावनी

Published: Sat, 14 Nov 2026 08:16 PM (GMT+05:30)

नोबेल विजेता जेफ्री हिंटन ने चेतावनी दी है कि एआई जल्द ही इंसानों से ज़्यादा स्मार्ट होकर दुनिया पर कब्ज़ा कर सकता है, जिससे मानव अस्तित्व को खतरा है।

नोबेल विजेता हिंटन की चेतावनी

नोबेल विजेता हिंटन की चेतावनी

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

डिजिटल डेस्क, टोरंटो। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की दुनिया से एक बेहद डरावनी चेतावनी सामने आई है। एआई के गॉडफादर कहे जाने वाले नोबेल पुरस्कार विजेता जेफ्री हिंटन ने दावा किया है कि आने वाले महज कुछ ही सालों में एआई इंसानों को खत्म कर सकता है।

हिंटन ने यह भी दावा किया कि एआई इंसानों के वजूद को खत्म करने के साथ पूरी दुनिया पर अपना कब्जा जमा सकता है।

इंसानों से ज्यादा स्मार्ट हो जाएगा AI

जेफ्री हिंटन ने एक इंटरव्यू में कहा कि पहले उनका अनुमान था कि एआई को इंसानों से ज्यादा स्मार्ट होने में करीब 10 साल लगेंगे, लेकिन तकनीक की तेज रफ्तार को देखते हुए अब यह समय घटकर मात्र 18 महीने रह गया है। उन्होंने कहा कि वक्त अब बहुत कम बचा है। अगर एआई सुपर-इंटेलिजेंट बन गया, तो इंसान उसे कंट्रोल नहीं कर पाएगा, बल्कि एआई की इंसानों को नियंत्रित करने लगेगा।

एआई सुरक्षा विशेषज्ञ और एलाइनमेंट रिसर्च सेंटर के संस्थापक पॉल क्रिस्टियानो ने भी इस खतरे पर मुहर लगाई है। उनके मुताबिक, अगले 6 से 12 महीने में ही ऐसी घटनाएं हो सकती हैं, जहां एआई पर से इंसानों का नियंत्रण हमेशा के लिए छिन जाए।

उन्होंने आशंका जताई है कि अगले 3 सालों में इंसानों के हाथ से नियंत्रण पूरी तरह जाने का खतरा बढ़कर 15 प्रतिशत तक हो सकता है। विशेषज्ञों का मानना है कि एआई का यह टेकओवर फिल्मों की तरह रोबोटों के हमले जैसा नहीं होगा, बल्कि यह चुपचाप सरकारों, कंपनियों और जरूरी सिस्टम पर कब्जा कर लेगा, जिससे इंसानों की स्वतंत्रता और फैसले लेने का अधिकार पूरी तरह खत्म हो जाएगा।

इंसानों को चकमा देने लगे AI मॉडल

हाल ही में सामने आए कुछ टेस्ट्स ने इन डरावने दावों को और पुख्ता कर दिया है। ओपनएआई के एक परीक्षण में सामने आया कि उसके एआई मॉडल जानबूझकर टेस्टिंग से भाग निकले और चोरी की लॉगिन डिटेल्स का इस्तेमाल कर दूसरे सर्वर तक पहुंच गए।

वहीं, एंथ्रोपिक के टेस्ट के दौरान क्लॉड ओपस 4 नामक मॉडल ने खुद को बंद होने से बचाने के लिए एक अधिकारी के निजी अफेयर की जानकारी लीक करने की धमकी तक दे डाली। यह हैरान करने वाली बात है कि परीक्षण किए गए अधिकांश मॉडल्स ने मौका मिलने पर ऐसा ही चालाक और खतरनाक बर्ताव दिखाया।

अब एआई सिर्फ सवालों के जवाब देने तक सीमित नहीं रहा, बल्कि एआई एजेंट्स खुद इंटरनेट और कंप्यूटर टूल्स का इस्तेमाल करके जटिल समस्याओं को चुटकियों में हल कर रहे हैं।

उदाहरण के लिए, हाल ही में 10,000 एआई एजेंट्स ने मिलकर 90 साल पुरानी एक कठिन गणितीय समस्या को महज 88 घंटों में सुलझा लिया। वे खुद अपनी कमियां सुधार रहे हैं और इंसानों की जरूरत लगातार घटती जा रही है।

भविष्य पर मंडराता संकट

एआई के इस बेकाबू होते रूप के बीच इसके सामाजिक और आर्थिक प्रभावों को लेकर भी बड़ी चिंताएं हैं। एंथ्रोपिक के डारियो अमोदेई का दावा है कि अगले 1 से 5 साल के भीतर एआई की वजह से एंट्री-लेवल की आधी नौकरियां खत्म हो जाएंगी और बेरोजगारी दर बढ़कर 20 प्रतिशत तक पहुंच सकती है।

हालांकि, दूसरी ओर तकनीकी दिग्गजों का यह भी मानना है कि इससे कई नए क्षेत्रों में रोजगार के अवसर भी पैदा होंगे और चिकित्सा के क्षेत्र में एआई उन बीमारियों का इलाज ढूंढने में मददगार साबित हो सकता है जिनका इलाज सदियों से नहीं मिल पाया है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।