विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

ब्रिटेन से खाड़ी तक, कभी सुरक्षा कवच रहे अमेरिकी सैन्य अड्डे बनने लगे बोझ, ईरान युद्ध के कारण खतरा बढ़ा

Published: Fri, 13 Nov 2026 05:43 AM (IST)

खाड़ी युद्ध, 2003 के इराक युद्ध और 28 फरवरी 2026 को ईरान के खिलाफ शुरू हुए अमेरिकी-इजरायली अभियान में भी ...और पढ़ें

ब्रिटेन से खाड़ी तक, कभी सुरक्षा कवच रहे अमेरिकी सैन्य अड्डे बनने लगे बोझ (फोटो- रॉयटर)

ब्रिटेन से खाड़ी तक, कभी सुरक्षा कवच रहे अमेरिकी सैन्य अड्डे बनने लगे बोझ (फोटो- रॉयटर)

HighLights

  1. ईरान युद्ध ने अमेरिका के सैन्य ठिकानों की सुरक्षा पर खड़े किए सवाल, मेजबान देशों पर भी खतरा

  2. वाशिंगटन के सामने सहयोगियों की सुरक्षा और अपनी सैन्य मौजूदगी के बीच संतुलन की चुनौती

जागरण न्यूज नेटवर्क, नई दिल्ली। दशकों तक विदेशों में बने अमेरिकी सैन्य अड्डे वाशिंगटन की वैश्विक ताकत का प्रतीक रहे हैं। इन्हीं ठिकानों के दम पर अमेरिका ने हजारों मील दूर युद्ध लड़े और अपने सहयोगियों को सुरक्षा का भरोसा दिया।

लेकिन ईरान के साथ युद्ध ने इस व्यवस्था का दूसरा पहलू सामने ला दिया है। अब ये अड्डे अमेरिका की ताकत बढ़ाने के साथ उसके सहयोगियों के लिए खतरे का कारण भी बनते दिख रहे हैं। खाड़ी देशों से लेकर ब्रिटेन तक अमेरिकी सैन्य ठिकानों की सुरक्षा पर सवाल उठने लगे हैं।

अल जजीरा के अनुसार, मार्च 1999 में ब्रिटेन के ग्लास्टरशायर स्थित आरएएफ फेयरफोर्ड से अमेरिकी बी-52 बमवर्षकों ने उड़ान भरकर यूगोस्लाविया पर नाटो के हवाई अभियान की शुरुआत की थी।

खाड़ी युद्ध, 2003 के इराक युद्ध और 28 फरवरी 2026 को ईरान के खिलाफ शुरू हुए अमेरिकी-इजरायली अभियान में भी इस अड्डे ने अहम भूमिका निभाई। लेकिन ईरान से बढ़ते खतरे के बीच अक्टूबर में अमेरिका ने यहां तैनात अपने सभी 12 बी-1 लांसर बमवर्षक हटा लिए। ब्रिटेन के आरएएफ मिल्डेनहाल से भी करीब एक दर्जन विमान हटाए गए।

यह बदलाव केवल ब्रिटेन तक सीमित नहीं है। ईरान के हमलों से खाड़ी क्षेत्र में अमेरिकी ठिकानों को भारी नुकसान पहुंचा है। अमेरिकी सेना ने कई सैन्य संसाधन वहां से हटाकर जार्डन के ठिकानों पर भेजे हैं। इससे यह सवाल गहरा गया है कि क्या विदेशों में अमेरिकी सैन्य मौजूदगी अब रणनीतिक लाभ के बजाय जोखिम का कारण बन रही है।

मेजबान देश भी निशाने पर

ईरान ने खाड़ी देशों पर हमलों को अमेरिकी सैन्य अड्डों की मौजूदगी से जोड़कर उचित ठहराने की कोशिश की। उसने कतर, संयुक्त अरब अमीरात, सऊदी अरब, बहरीन और कुवैत को निशाना बनाया।

जॉर्डन और इराक में भी अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर हमले हुए। ओमान पर भी हमला किया गया, जहां अमेरिका का कोई स्थायी सैन्य अड्डा नहीं है।

पेंटागन के निगरानी कार्यालय की सितंबर में जारी रिपोर्ट के मुताबिक, युद्ध के शुरुआती चार महीनों में ईरान के हमलों से खाड़ी और आसपास के आठ देशों में अमेरिकी सैन्य ठिकानों की सैकड़ों इमारतों और ढांचों को नुकसान पहुंचा या वे नष्ट हो गए।

सऊदी अरब के प्रिंस सुल्तान वायुसेना अड्डे पर हमले में कम से कम पांच केसी-135 ईंधन भरने वाले विमान क्षतिग्रस्त हुए। कुवैत के शुऐबा बंदरगाह पर हमले में छह अमेरिकी सैनिक मारे गए और सेना का एक अभियान केंद्र नष्ट हो गया।

कतर के अल उदेद अड्डे का पूर्व चेतावनी रडार और बहरीन में अमेरिकी पांचवें बेड़े के मुख्यालय के संचार उपकरण भी हमलों की चपेट में आए।इससे मेजबान देशों के सामने दुविधा पैदा हो गई है।

अमेरिकी सैनिकों की मौजूदगी उन्हें मिसाइल हमलों से बचाने और सैन्य सहायता पाने में मदद करती है, लेकिन यही मौजूदगी उन्हें ऐसे युद्ध में निशाना भी बना सकती है, जिसे शुरू करने में उनकी कोई भूमिका नहीं थी।

सस्ते ड्रोन ने बढ़ाई चुनौती

विशेषज्ञों के मुताबिक, सस्ती बैलिस्टिक मिसाइलों और ड्रोन के बढ़ते इस्तेमाल ने बड़े सैन्य अड्डों को पहले से ज्यादा असुरक्षित बना दिया है। ईरान अपेक्षाकृत कम लागत वाले ड्रोन तैयार कर रहा है, जबकि उन्हें रोकने के लिए अमेरिका को महंगी अवरोधक मिसाइलों का इस्तेमाल करना पड़ता है। इस तरह हमले की लागत और उससे बचाव का खर्च असमान होता जा रहा है।

ब्रिटेन में भी अमेरिकी अड्डों को लेकर चिंता बढ़ी है। आरएएफ फेयरफोर्ड को निशाना बनाने की साजिश के पीछे ईरान का हाथ होने का आरोप ब्रिटिश सरकार ने लगाया है, हालांकि तेहरान ने इससे इनकार किया है।

साइप्रस स्थित ब्रिटिश सैन्य अड्डे के एक हैंगर को भी ईरानी ड्रोन ने निशाना बनाया। बुल्गारिया में अमेरिकी विमानों को ईंधन भरने की सुविधा देने वाले बेजमेर अड्डे से भी अमेरिकी टैंकरों को हटा लिया गया।

इजरायल पर बढ़ सकती है निर्भरता

अमेरिका के सामने चुनौती यह है कि विदेशों में सैन्य अड्डे उसे दूर-दराज तक कार्रवाई करने की क्षमता देते हैं, लेकिन उनकी मौजूदगी ईरान जैसे विरोधियों को निशाना भी उपलब्ध कराती है।

ऐसे में वाशिंगटन खाड़ी के ठिकानों से कुछ संसाधन हटाकर इजरायल पर अपनी निर्भरता बढ़ा सकता है। विशेषज्ञों के मुताबिक, अमेरिकी सेंट्रल कमांड इजरायल को एक अहम अग्रिम सैन्य ठिकाने के रूप में इस्तेमाल करने की दिशा में बढ़ सकता है।

विश्लेषकों का मानना है कि लंबे समय में अमेरिका को अपने सहयोगी देशों की रक्षा क्षमता बढ़ाने पर अधिक ध्यान देना होगा। लेकिन अमेरिकी नीति-निर्माताओं के सामने सवाल बना हुआ है कि क्या विदेशों में सैन्य अड्डों के बिना उसकी वैश्विक भूमिका संभव है। ईरान युद्ध ने इस बहस को और तेज कर दिया है कि जिन ठिकानों को अब तक सुरक्षा की गारंटी माना जाता था, क्या वे खुद असुरक्षा का कारण बनते जा रहे हैं।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।